Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

सिलीगुड़ी, 20 जुलाई (हि. स.)। सिलीगुड़ी नगर निगम के वार्ड नंबर 28 में अतिक्रमण नोटिस के विरोध में सोमवार वामपंथी दल के नेतृत्व में स्थानीय निवासियों ने प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने मांग की कि लंबे समय से रह रहे परिवारों को हटाने से पहले उनके लिए वैकल्पिक पुनर्वास की उचित व्यवस्था की जाए।
प्रदर्शनकारियों का कहना है कि रेलवे की जमीन पर वर्षों से रह रहे कई परिवारों को बिना पुनर्वास के हटाना मानवीय दृष्टि से उचित नहीं है। उनका आरोप है कि अचानक बेदखली से सैकड़ों लोगों के सिर से छत छिन जाएगी और उनकी आजीविका पर गंभीर असर पड़ेगा।
आंदोलन के दौरान प्रतिनिधिमंडल ने रेलवे अधिकारियों को ज्ञापन सौंपकर मांग की कि पुनर्वास सुनिश्चित किए बिना किसी भी प्रकार की बेदखली की कार्रवाई न की जाए।
प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर जल्द सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया, तो आने वाले दिनों में व्यापक रूप से आंदोलन किया जाएगा।
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार