Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

नदिया, 20 जुलाई (हि. स.)। जिले के शांतिपुर थाना क्षेत्र के डोंगखिरा निमतला पाड़ा निवासी भारतीय सेना के जवान कनाई सरकार का पार्थिव शरीर सोमवार को तिरंगे में लिपटा उनके पैतृक घर पहुंचा। पार्थिव शरीर के घर पहुंचते ही परिवार और पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई। हजारों लोगों ने नम आंखों से उन्हें अंतिम श्रद्धांजलि अर्पित की।
परिवार के अनुसार, कनाई सरकार पिछले 26 वर्षों से भारतीय सेना में कार्यरत थे और वर्तमान में राजस्थान के जोधपुर में तैनात थे। बीते शुक्रवार रात वह रोज की तरह ड्यूटी पूरी कर अपने कमरे में सोने चले गए। शनिवार सुबह जब उन्हें चाय देने के लिए जगाया गया तो काफी देर तक कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। इसके बाद सहकर्मियों ने उन्हें तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मृतक की भाभी झूमा सरकार ने बताया कि सबसे पहले इस दुखद घटना की सूचना बलागढ़ के एक सेवानिवृत्त सैनिक ने फोन पर दी, जो पहले कनाई सरकार के साथ ही कार्य कर चुके थे। उन्होंने बताया कि सेना के अधिकारियों ने परिवार को जानकारी दी है कि कनाई सरकार की मृत्यु किसी अन्य कारण से नहीं, बल्कि अचानक हुई शारीरिक अस्वस्थता के कारण हुई है।
सेना की ओर से कनाई सरकार को पूरे सैन्य सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी गई। उनके पार्थिव शरीर पर तिरंगा ओढ़ाया गया, पुष्पचक्र अर्पित किए गए और गन सैल्यूट देकर राष्ट्र की ओर से उन्हें अंतिम सलामी दी गई। गांव और आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग अपने वीर सपूत को अंतिम श्रद्धांजलि देने पहुंचे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा