Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

- जिला कौशल विकास समिति की बैठक में कलेक्टर ने मेले को लेकर दिए दिशा-निर्देश
ग्वालियर, 20 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के ग्वालियर जिले के अधिक से अधिक जरूरतमंद युवाओं को निजी कंपनियों में नौकरी दिलाने के लिये वृहद जिला स्तरीय रोजगार मेला लगाएं। रोजगार मेला के आयोजन से पहले कंपनियों से चर्चा करें और उन्हें रोजगार मेले में आमंत्रित करें।
यह निर्देश सोमवार को कलेक्टर रुचिका चौहान ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से हुई जिला कौशल विकास समिति की बैठक में संबंधित अधिकारियों को दिए। उन्होंने अगस्त माह में जिला स्तरीय रोजगार मेला आयोजित करने के निर्देश दिए हैं।
बैठक में कलेक्टर ने शासकीय संभागीय आईआईटी के प्रशिक्षण पाठ्यक्रमों की सभी सीटें भरने पर विशेष बल दिया। उन्होंने कहा इसके लिये आईटीआई के प्राचार्य विभिन्न स्कूलों एवं महाविद्यालयों के प्राचार्यों से संपर्क करें और आईआईटी में कौशल उन्नयन प्रशिक्षण लेने के इच्छुक विद्यार्थियों को भर्ती कराएं। कलेक्टर ने जिला शिक्षा अधिकारी, डीपीसी, जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला बाल विकास, उप संचालक कृषि एवं अन्य विभागों के अधिकारियों को भी इसमें सहयोग करने के निर्देश दिए। साथ ही नगर निगम में काम कर रहे सफाई मित्रों के इच्छुक बच्चों को भी आईटीआई पाठ्यक्रमों का प्रशिक्षण दिलाने पर बल दिया।
कलेक्टर रुचिका चौहान ने जरूरतमंद विद्यार्थियों को आईटीआई के प्रति आकर्षित करने के लिये पूर्व के वर्षों में आईटीआई से प्रशिक्षित ऐसे युवाओं का सम्मेलन बुलाने के लिये कहा जिन्हें विभिन्न कंपनियों में नौकरी मिली है। उन्होंने कहा कि इस सम्मेलन में नौकरी प्राप्त युवाओं के अनुभव साझा किए जाएं, जिससे विद्यार्थी आईटीआई प्रशिक्षण के लिये आगे आएं।
उन्होंने मुख्यमंत्री सीखो-कमाओ योजना के लक्ष्य की पूर्ति के लिये विभिन्न औद्योगिक प्रतिष्ठानों से सतत संपर्क करने के निर्देश विभागीय अधिकारियों को दिए। उन्होंने कुल लक्ष्य को 15 – 15 दिन में विभक्त कर लक्ष्यपूर्ति कराने के लिये जिला पंचायत के सीईओ से कहा। बैठक में प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना, प्रधानमंत्री इंटर्नशिप योजना, अप्रेंटिस व स्वरोजगार की अन्य योजनाओं की लक्ष्यपूर्ति पर भी गहन चर्चा हुई। कलेक्टर ने इन योजनाओं की लक्ष्यपूर्ति के लिये आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। व्हीसी के जरिए हुई बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी सोजान सिंह रावत सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर