बैतूलः मां ताप्ती जन्मोत्सव पर मुलताई में आस्था, श्रद्धा और भक्ति का दिखा विराट संगम
- श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं सुचारु व्यवस्थाओं को लेकर जिला प्रशासन रहा मुस्तैद बैतूल, 20 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के बैतूल जिले की जीवनदायिनी, पतित पावनी एवं मोक्षदायिनी सूर्य पुत्री मां ताप्ती के जन्मोत्सव के अवसर पर सोमवार को पवित्र नगरी मुलत
बैतूल के मुलताई में मां ताप्ती जन्मोत्सव का आयोजन


- श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं सुचारु व्यवस्थाओं को लेकर जिला प्रशासन रहा मुस्तैद

बैतूल, 20 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के बैतूल जिले की जीवनदायिनी, पतित पावनी एवं मोक्षदायिनी सूर्य पुत्री मां ताप्ती के जन्मोत्सव के अवसर पर सोमवार को पवित्र नगरी मुलताई सहित जिले भर में आस्था, श्रद्धा और भक्ति का अभूतपूर्व संगम देखने को मिला।

जन्मोत्सव के पावन अवसर पर लाखों श्रद्धालु मुलताई पहुंचे और मां ताप्ती के दर्शन कर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। श्रद्धालुओं ने क्षेत्र की सुख-समृद्धि, खुशहाली एवं जनकल्याण की कामना करते हुए मां ताप्ती का आशीर्वाद प्राप्त किया।

जन्मोत्सव के अवसर पर नगर में दिनभर धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन हुआ। विभिन्न धार्मिक संगठनों द्वारा मां ताप्ती को चुनरी अर्पित कर दुग्धाभिषेक किया गया। शाम को ताप्ती सरोवर पर आयोजित भव्य महाआरती में लाखों श्रद्धालु शामिल हुए।

भंडारा एवं प्रसादी वितरण का सिलसिला रहा जारी

मां ताप्ती जन्मोत्सव के अवसर पर नगर के विभिन्न स्थानों पर सुबह से ही भंडारा एवं प्रसादी वितरण का सिलसिला चलता रहा। बस स्टैंड पर ढाबा यूनियन द्वारा भव्य भजन संध्या का आयोजन किया गया, जिसमें मध्य भारत की सुप्रसिद्ध भजन गायिका एवं भारत का बच्चा-बच्चा फेम पूजा गोलानी ने अपने मधुर भजनों की प्रस्तुति देकर श्रद्धालुओं को भक्ति रस में सराबोर कर दिया।

दोपहर में रेलवे स्टेशन रोड से भव्य झांकियों का शुभारंभ हुआ। इस शोभायात्रा में ताप्ती ब्रिगेड द्वारा आमंत्रित हनुमानजी की विशाल एवं आकर्षक प्रतिमा श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रही। शोभायात्रा में बच्चे भगवान भोलेनाथ और मां ताप्ती के स्वरूप में आकर्षक वेशभूषा धारण कर शामिल हुए। नन्हें कलाकारों ने भक्ति गीतों पर मनमोहक नृत्य प्रस्तुत किए। शोभायात्रा में नगर के विभिन्न मार्गों से गुजरती झांकियों का नागरिकों ने पुष्पवर्षा कर स्वागत किया। पूरे आयोजन के दौरान मुलताई नगर श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के रंग में सराबोर दिखाई दिया।

ताप्ती सरोवर पर एसडीआरएफ और गोताखोरों की रही तैनात

श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं सुचारु व्यवस्थाओं को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा। बैतूल कलेक्टर डॉ. सौरभ संजय सोनवणे ने स्वयं आयोजन स्थल एवं विभिन्न व्यवस्थाओं का निरीक्षण कर सुरक्षा और सुविधाओं का जायजा लिया। ताप्ती सरोवर पर एसडीआरएफ की टीम एवं गोताखोरों की तैनाती की गई थी, वहीं नगर के प्रमुख मार्गों और आयोजन स्थलों पर बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा, जिससे पूरे आयोजन के दौरान व्यवस्थाएं सुचारु बनी रहीं।

इस अवसर पर कलेक्टर डॉ. सोनवणे ने जिलेवासियों को शुभकामनाएं देते हुए जल स्रोतों के संरक्षण का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि जल स्रोतों का संरक्षण वर्तमान और भावी पीढ़ियों के लिए अत्यंत आवश्यक है तथा प्रत्येक नागरिक को इसके प्रति अपनी जिम्मेदारी निभानी चाहिए। वहीं नगर पालिका प्रशासन ने भी नागरिकों से पवित्र ताप्ती सरोवर को स्वच्छ एवं प्रदूषण मुक्त बनाए रखने की अपील की।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर