Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

चतरा, 20 जुलाई (हि.स.)। पुलिस ने प्रतिबंधित उग्रवादी संगठन तृतीय सम्मेलन प्रस्तुति कमेटी (टीएसपीसी) के वांछित उग्रवादी नरेश गंझू उर्फ रविकांत को गिरफ्तार किया है। उसकी गिरफ्तारी लावालौंग थाना क्षेत्र के मंधनिया गांव के समीप जंगल से की गई। आरोपित हत्या, रंगदारी, पुलिस पर हमला, अवैध हथियार रखने सहित कई गंभीर मामलों में लंबे समय से फरार चल रहा था।
सोमवार को प्रेस वार्ता में सिमरिया एसडीपीओ नागरगोजे शुभम भाऊसाहब ने बताया कि गुप्त सूचना मिली थी कि रविकांत अपने पैतृक गांव लावालौंग के मंधनिया आया हुआ है। सूचना के आधार पर विशेष नक्सल विरोधी अभियान चलाकर पुलिस टीम ने घेराबंदी की और उसे गिरफ्तार कर लिया। रविकांत के विरुद्ध चतरा और लातेहार जिले के विभिन्न थानों में कुल छह आपराधिक मामले दर्ज हैं। इनमें बालूमाथ थाना में दो, लावालौंग थाना में दो, कुंदा थाना में एक तथा सिमरिया थाना में एक मामला शामिल है। उसके खिलाफ हत्या के प्रयास, रंगदारी, पुलिस बल पर हमला, अपहरण, आर्म्स एक्ट, सीएलए एक्ट और यूएपीए की धाराओं के तहत केस दर्ज हैं।
एसडीपीओ शुभम भाऊसाहब ने कहा कि जिले में उग्रवादी गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए नक्सल विरोधी अभियान लगातार जारी रहेगा। वांछित उग्रवादियों की गिरफ्तारी और क्षेत्र में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखना चतरा पुलिस की प्राथमिकता है। अभियान में लावालौंग थाना पुलिस, एसएसबी की 35वीं वाहिनी तथा सशस्त्र बल के जवान शामिल रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / जितेन्द्र तिवारी