Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

रांची, 20 जुलाई (हि.स.)। झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा (जेएलकेएम) के केंद्रीय वरीय उपाध्यक्ष एवं आंदोलनकारी छात्र नेता देवेन्द्र नाथ महतो ने केंद्र सरकार से छात्रों की मांगों पर गंभीरता से विचार करने की अपील की है।
उन्होंने सोमवार को जारी प्रेस विज्ञप्ति में कहा कि देशभर के छात्र पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया, परीक्षा प्रणाली में सुधार और शिक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने की मांग को लेकर लोकतांत्रिक तरीके से अपनी आवाज उठा रहे हैं, इसलिए उनकी समस्याओं का समाधान संवाद के माध्यम से किया जाना चाहिए। महतो ने नई दिल्ली के जंतर-मंतर पर संसद मार्च के दौरान छात्रों पर पुलिस द्वारा किए गए बल प्रयोग और लाठीचार्ज की निंदा की। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन कर रहे छात्रों पर बल प्रयोग करना संविधान की भावना और लोकतांत्रिक मूल्यों के अनुरूप नहीं है।
उन्होंने कहा कि संसद पूरे देश की जनता की सर्वोच्च लोकतांत्रिक संस्था है और छात्रों की आवाज वहां तक पहुंचना लोकतंत्र की ताकत है। महतो ने कहा कि नीट पेपर लीक, निष्पक्ष भर्ती प्रक्रिया और शिक्षा व्यवस्था में सुधार जैसे मुद्दों को लेकर छात्र लंबे समय से आंदोलनरत हैं। केंद्र सरकार को इन मांगों पर गंभीरता से विचार कर शीघ्र समाधान निकालना चाहिए।
देवेन्द्र नाथ महतो ने कहा कि लोकतंत्र में लाठी नहीं, बल्कि संवाद सबसे प्रभावी माध्यम है। सरकार को दमनात्मक कार्रवाई से बचते हुए छात्रों का विश्वास जीतना चाहिए और उनकी न्यायोचित मांगों का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करना चाहिए।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar