रांची पहली बार बनेगा डूरंड कप का मेजबान, 26 जुलाई से शुरू होगा एशिया का सबसे पुराना फुटबॉल टूर्नामेंट
-मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन करेंगे उद्घाटन, सभी मैचों में दर्शकों को मिलेगा नि:शुल्क प्रवेश, 22 जुलाई से टिकट वितरण शुरू रांची, 20 जुलाई (हि.स.)। झारखंड की राजधानी रांची पहली बार एशिया के सबसे पुराने फुटबॉल टूर्नामेंट डूरंड कप के 135वें संस्करण की मे
प्रेस वार्ता की तस्वीर


-मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन करेंगे उद्घाटन, सभी मैचों में दर्शकों को मिलेगा नि:शुल्क प्रवेश, 22 जुलाई से टिकट वितरण शुरू

रांची, 20 जुलाई (हि.स.)। झारखंड की राजधानी रांची पहली बार एशिया के सबसे पुराने फुटबॉल टूर्नामेंट डूरंड कप के 135वें संस्करण की मेजबानी करेगी। 26 जुलाई से शुरू होने वाले इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट का उद्घाटन मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन करेंगे। राज्य सरकार के पर्यटन, कला-संस्कृति, खेलकूद एवं युवा कार्य विभाग ने इसे झारखंड के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि बताया है। टूर्नामेंट की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। यह जानकारी खेल निदेशक छवि रंजन ने सोमवार को मोरहाबादी स्थित बिरसा मुंडा फुटबॉल स्टेडियम में आयोजित प्रेसवार्ता में दी। इस अवसर पर भारतीय सेना के प्रतिनिधि मनोज कुमार झा भी उपस्थित थे।

छवि रंजन ने बताया कि टूर्नामेंट के सभी मैचों के लिए दर्शकों को नि:शुल्क प्रवेश दिया जाएगा। इसके लिए 22 जुलाई से 16 अगस्त 2026 तक नि:शुल्क टिकट वितरित किए जाएंगे। टिकट प्रतिदिन सुबह 11 बजे से शाम 4 बजे तक उपलब्ध रहेंगे और प्रत्येक व्यक्ति को अधिकतम चार टिकट दिए जाएंगे।

उन्होंने बताया कि टिकट वितरण के लिए स्टेडियम परिसर में गेट संख्या 11 से 13 के बीच 10 काउंटर तथा गेट संख्या 23 के पास दो अतिरिक्त काउंटर बनाए गए हैं। प्रशासन ने दर्शकों से अपील की है कि वे मैच शुरू होने से कम से कम एक घंटे पहले स्टेडियम पहुंचें, ताकि सुरक्षा जांच के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होंने कहा कि सुरक्षा नियमों का उल्लंघन करने वाले लोगों को स्टेडियम में प्रवेश नहीं दिया जाएगा।

खेल निदेशक ने बताया कि वर्ष 1888 में शुरू हुआ डूरंड कप एशिया का सबसे पुराना और दुनिया का तीसरा सबसे पुराना फुटबॉल टूर्नामेंट है। इसके 135वें संस्करण में 24 टीमें पांच मेजबान शहरों में खिताब के लिए मुकाबला करेंगी। प्रतियोगिता में इंडियन सुपर लीग (आईएसएल), आई-लीग के क्लबों के अलावा भारतीय सशस्त्र बलों की टीमें और विदेशी सैन्य टीमें भी हिस्सा लेंगी।

उन्होंने कहा कि टूर्नामेंट के सफल आयोजन को लेकर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। दर्शकों को स्टेडियम में हथियार, पटाखे, बड़े बैग, बाहरी खाद्य सामग्री, शराब, तंबाकू उत्पाद, ड्रोन, पेशेवर कैमरे, लैपटॉप, बड़े पावर बैंक, हेलमेट, मेगाफोन, एयर हॉर्न, बड़े झंडे, लेजर पॉइंटर तथा एरोसोल स्प्रे जैसी प्रतिबंधित वस्तुएं लाने की अनुमति नहीं होगी।--------------

हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे