Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

रांची, 20 जुलाई (हि.स.)। इस्पात महिला विकास सहयोग समिति की ओर से तीन दिवसीय वार्षिक मेला सात से नौ अगस्त तक मेकॉन कम्युनिटी हॉल, श्यामली कॉलोनी, डोरंडा में आयोजित किया जाएगा। मेले में महिला उद्यमियों और कारीगरों द्वारा तैयार हस्तशिल्प एवं अन्य उत्पादों की प्रदर्शनी और बिक्री की जाएगी। इसकी जानकारी मेकॉन की सीमतिंनी साहु ने सोमवार को जारी विज्ञप्ति में दी।
विज्ञप्ति के अनुसार, मेले का उद्घाटन सात अगस्त को समिति की सोनी वर्मा, रश्मि वर्मा, निक्की राज, कंचन झा तथा अन्य विशिष्ट अतिथियों की उपस्थिति में होगा। वहीं, मेले के दूसरे दिन राज्यसभा सांसद महुआ मांझी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगी। इस दौरान वह विभिन्न स्टॉलों का भ्रमण कर महिला उद्यमियों का उत्साहवर्धन करेंगी।
आयोजकों के अनुसार, इस वर्ष मेले में लगभग 50 से 60 स्टॉल लगाए जाएंगे। इनमें हस्तशिल्प, परिधान, आभूषण, जूट बैग, डोकरा कला, पेंटिंग्स, राखियां और अन्य हस्तनिर्मित उत्पादों की प्रदर्शनी एवं बिक्री होगी। मेले में राज्य के विभिन्न हिस्सों से महिला उद्यमी और कारीगर अपने उत्पादों का प्रदर्शन करेंगे।
समिति ने बताया कि इस आयोजन का उद्देश्य महिलाओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के लिए मंच उपलब्ध कराना, उनके उत्पादों को व्यापक बाजार से जोड़ना तथा उन्हें आत्मनिर्भरता और स्वरोजगार की दिशा में प्रोत्साहित करना है।
समिति के अनुसार, यह वार्षिक मेला पिछले 35 वर्षों से लगातार आयोजित किया जा रहा है और महिला कारीगरों तथा उद्यमियों के लिए अपने उत्पादों को प्रदर्शित करने का एक महत्वपूर्ण मंच बन चुका है। इस वर्ष भी तीन दिवसीय मेले में बड़ी संख्या में शहरवासियों के पहुंचने की उम्मीद है।------------
हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar