Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

देवघर, 20 जुलाई (हि.स.)। देवघर के श्रावणी मेला-2026 के दौरान श्रद्धालुओं को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने काे लेकर स्वास्थ्य मंत्री डॉ इरफान अंसारी ने सोमवार को बाबा बैद्यनाथ धाम में उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की।
बैठक में स्वास्थ्य, खाद्य एवं आपूर्ति, आपदा प्रबंधन विभाग तथा जिला प्रशासन की तैयारियों की समीक्षा की गई। मौके पर मंत्री ने कहा कि श्रद्धालुओं की सेवा में किसी भी स्तर की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। बाबा बैद्यनाथ धाम आने वाला हर श्रद्धालु भगवान शिव का स्वरूप है और उसकी सुरक्षा, स्वास्थ्य व सम्मान से कोई समझौता नहीं होगा। उन्होंने बताया कि श्रावणी मेले के लिए 228 डॉक्टरों और 400 से अधिक पारा स्वास्थ्यकर्मियों की प्रतिनियुक्ति की गई है। साथ ही 41 स्वास्थ्य संस्थानों को 24 घंटे संचालित करने और देवघर सदर अस्पताल में 100 और एम्स देवघर में 50 बेड श्रद्धालुओं के लिए आरक्षित रखने के निर्देश दिए गए हैं। 105 किलोमीटर लंबे कांवरिया पथ पर मेडिकल कैंप, दवाइयां, ऑक्सीजन, ओआरएस और आपात चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध रहेंगी।
स्वास्थ्य मंत्री ने खाद्य सुरक्षा पर भी सख्त रुख अपनाते हुए पेड़ा प्रसाद, होटल, ढाबों और स्ट्रीट वेंडरों के खाद्य पदार्थों की नियमित जांच और मिलावटखोरों पर कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने स्वच्छ पेयजल, शौचालय, प्रकाश व्यवस्था, बिजली और विश्राम स्थलों की बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा।
बैठक में विधायक सुरेश पासवान, एनएचएम मिशन निदेशक शशि प्रकाश झा, जिला प्रशासन सहित संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar