Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

फतेहाबाद, 20 जुलाई (हि.स.)। जिले के शहर रतिया के बास्केटबॉल खिलाडिय़ों ने सोमवार को कांग्रेस विधायक जरनैल सिंह से मुलाकात की और उन्हें मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपकर रतिया में आधुनिक सुविधाओं से युक्त इनडोर बास्केटबॉल ग्राउंड के निर्माण की मांग की। खिलाडिय़ों ने ज्ञापन के माध्यम से बताया कि रतिया क्षेत्र में बास्केटबॉल की अपार प्रतिभाएं मौजूद हैं, लेकिन आधुनिक खेल सुविधाओं और इनडोर स्टेडियम के अभाव में खिलाडिय़ों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि यदि रतिया में इनडोर बास्केटबॉल ग्राउंड का निर्माण किया जाता है तो स्थानीय खिलाडिय़ों को बेहतर प्रशिक्षण, अभ्यास और प्रतियोगिताओं की सुविधा मिलेगी, जिससे वे जिला, राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन कर सकेंगे। खिलाडिय़ों ने कहा कि खेल युवाओं को नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रखने का सबसे प्रभावी माध्यम हैं। यदि युवाओं को बेहतर खेल सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं तो उनकी ऊर्जा सही दिशा में लगेगी, उनका शारीरिक एवं मानसिक विकास होगा और वे अपने क्षेत्र व प्रदेश का नाम रोशन करेंगे। इनडोर बास्केटबॉल ग्राउंड बनने से रतिया की उभरती हुई प्रतिभाओं को नया मंच मिलेगा और क्षेत्र में खेल संस्कृति को बढ़ावा मिलेगा। इस अवसर पर विधायक जरनैल सिंह ने खिलाडिय़ों की मांग को गंभीरता से सुनते हुए आश्वासन दिया कि वह इस मांग को सरकार के समक्ष प्रमुखता से उठाएंगे तथा रतिया में जल्द से जल्द इनडोर बास्केटबॉल ग्राउंड के निर्माण के लिए हरसंभव प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार खेलों को बढ़ावा देने के लिए लगातार कार्य कर रही है और खिलाडिय़ों की उचित मांगों को पूरा करने के लिए वे पूरी प्रतिबद्धता के साथ प्रयास करेंगे। इस अवसर पर शर्मा चंद लाली, अजय सिंह, राकेश कुमार अग्रवाल, निरंजन सिंह, बलविंद्र सिंह, विक्की अग्रवाल, सचिन कुमार, शुभम मैहता, अमनदीप सिंह, राम भगत, सुरेंद्र सिंह, विजय कुमार, लक्ष्य बट्टू सहित अनेक बास्केटबॉल खिलाड़ी उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / अर्जुन जग्गा