Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

जम्मू, 20 जुलाई (हि.स.)
मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने राजौरी और पुंछ जिलों में बारिश से हुई दुर्घटनाओं में जान गंवाने वाले प्रत्येक व्यक्ति के परिजनों के लिए तत्काल सहायता प्रदान करने के उद्देश्य से 6 लाख रुपये की अनुग्रह राशि की घोषणा की है।
अचानक आई बाढ़, भूस्खलन और बारिश से संबंधित अन्य घटनाओं में हुई जानमाल की हानि पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि हालांकि कोई भी वित्तीय सहायता प्रभावित परिवारों को हुए अपूरणीय नुकसान की भरपाई नहीं कर सकती लेकिन सरकार इस कठिन समय में उनके साथ मजबूती से खड़ी है।
कल पुंछ और राजौरी में आई भीषण बाढ़, भूस्खलन और बारिश से संबंधित अन्य घटनाओं के कारण हुई जानमाल की अपूरणीय क्षति की भरपाई किसी भी प्रकार की वित्तीय सहायता से नहीं की जा सकती फिर भी शोक संतप्त परिवारों को तत्काल सहायता प्रदान करने के लिए प्रत्येक मृतक के परिजनों को 6 लाख रुपये की अनुग्रह राशि दी जा रही है।
राहत पैकेज में राज्य आपदा प्रतिक्रिया कोष (एसडीआरएफ) से 4 लाख रुपये और मुख्यमंत्री राहत कोष (सीएमआरएफ) से अतिरिक्त 2 लाख रुपये शामिल हैं।
राजौरी और पुंछ जिलों में आई विनाशकारी बाढ़ और बारिश से संबंधित अन्य घटनाओं के बाद रविवार शाम को मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में हुई उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक के बाद यह घोषणा की गई है। इन घटनाओं में कई लोगों की जान गई और सार्वजनिक एवं निजी संपत्ति को व्यापक नुकसान पहुंचा।
बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने प्रशासन को प्रभावित परिवारों की तत्काल राहत और पुनर्वास सुनिश्चित करने का निर्देश दिया और इस बात पर जोर दिया कि सभी संभव सहायता बिना किसी देरी के उन तक पहुंचनी चाहिए। उन्होंने प्रभावित क्षेत्रों में आवश्यक सेवाओं को बहाल करने और राहत उपायों में तेजी लाने के लिए सभी संबंधित विभागों द्वारा समन्वित प्रयासों की आवश्यकता पर भी जोर दिया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / बलवान सिंह