आसनसोल चेम्बर का ऐलान : व्यवसायियों को अब कोई परेशान नहीं करेगा
पश्चिम बर्दवान, 20 जुलाई (हि. स.)। आसनसोल चेम्बर ऑफ कॉमर्स ने व्यवसायियों और उद्योगपतियों को किसी भी प्रकार के दबाव, उत्पीड़न या अवैध वसूली से बचाने के लिए बड़ा कदम उठाया है। सोमवार को चेम्बर के सचिव शम्भु नाथ झा ने सभी सदस्यों, व्यापारियों और उद्य
आसनसोल चेम्बर का ऐलान : व्यवसायियों को अब कोई परेशान नहीं करेगा


पश्चिम बर्दवान, 20 जुलाई (हि. स.)। आसनसोल चेम्बर ऑफ कॉमर्स ने व्यवसायियों और उद्योगपतियों को किसी भी प्रकार के दबाव, उत्पीड़न या अवैध वसूली से बचाने के लिए बड़ा कदम उठाया है। सोमवार को चेम्बर के सचिव शम्भु नाथ झा ने सभी सदस्यों, व्यापारियों और उद्योगपतियों के बीच मुख्यमंत्री का हालिया संदेश साझा करते हुए तीन-स्तरीय शिकायत व्यवस्था की जानकारी दी।

शम्भु नाथ झा ने कहा कि यदि किसी व्यवसायी को कोई नेता या अन्य व्यक्ति अनावश्यक रूप से परेशान करता है तो सबसे पहले संबंधित व्यक्ति को मुख्यमंत्री का संदेश दिखाया जाए। यदि इसके बाद भी समस्या का समाधान नहीं होता है तो मामले की जानकारी स्थानीय विधायक को दी जाएगी। इसके बावजूद भी कार्रवाई नहीं होने पर शिकायत सीधे मुख्यमंत्री तक पहुंचाई जाएगी।

उन्होंने कहा कि इस पहल का उद्देश्य आसनसोल में भयमुक्त कारोबारी माहौल तैयार करना है, ताकि व्यापारी और उद्योगपति बिना किसी डर और दबाव के अपना व्यवसाय चला सकें। उन्होंने स्पष्ट किया कि चेम्बर ऑफ कॉमर्स का एकमात्र उद्देश्य आसनसोल को एक बार फिर उद्योग और व्यापार का सुरक्षित केंद्र बनाना है।

शम्भु नाथ झा ने बताया कि हाल के दिनों में चेम्बर को कुछ गंभीर शिकायतें मिली थीं। इन्हीं शिकायतों को ध्यान में रखते हुए व्यवसायियों के हितों की रक्षा के लिए यह पहल शुरू की गई है।

उनका मानना है कि चेम्बर के इस कदम से व्यापारियों और उद्योगपतियों में सुरक्षा और विश्वास की भावना मजबूत होगी तथा आसनसोल में नए निवेश और नए उद्योगों को भी बढ़ावा मिलेगा।

उन्होंने सभी व्यवसायियों से अपील की कि यदि उन्हें किसी भी प्रकार की परेशानी, दबाव या उत्पीड़न का सामना करना पड़ता है तो वे चेम्बर ऑफ कॉमर्स को तत्काल इसकी जानकारी दें, ताकि उनकी शिकायत को निर्धारित प्रक्रिया के तहत समाधान किया जा सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा