Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

फतेहाबाद, 20 जुलाई (हि.स.)। जिले के टोहाना क्षेत्र के गांव बोस्ती के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय से संदिग्ध परिस्थितियों में गायब हुए दो स्कूली छात्रों को थाना सदर टोहाना पुलिस ने सोमवार को अपनी तत्परता और सूझबूझ से सकुशल तलाश कर लिया है। पुलिस ने कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद दोनों बच्चों को सुरक्षित उनके परिजनों के हवाले कर दिया। खोए हुए बच्चों को सही-सलामत पाकर परिजनों के चेहरे खिल उठे और उन्होंने पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई व संवेदनशीलता के लिए उनका आभार जताया। थाना सदर टोहाना प्रभारी निरीक्षक साधुराम ने बताया कि 18 जुलाई को पुलिस को सूचना मिली थी कि गांव बोस्ती के सरकारी स्कूल में पढऩे वाले दो छात्र विद्यालय समय के दौरान बिना किसी को बताए अचानक लापता हो गए हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने बिना समय गंवाए गांव बोस्ती निवासी प्रमोद कुमार की शिकायत पर केस दर्ज किया और बच्चों की तलाश शुरू कर दी। एसपी निकिता खट्टर के दिशा-निर्देशों पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने तुरंत अलग-अलग टीमों का गठन किया। पुलिस टीमों ने संभावित स्थानों, बस अड्डों और रेलवे स्टेशनों पर लगातार खोजबीन की। तकनीकी सहायता और स्थानीय सूचनाओं के बेहतर समन्वय के चलते पुलिस ने कुछ ही समय में दोनों छात्रों को सुरक्षित ट्रेस कर बरामद कर लिया। पुलिस ने नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई पूरी करने के बाद दोनों बच्चों को सुरक्षित उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया। बच्चों के सकुशल मिलने पर परिजनों ने फतेहाबाद पुलिस की कार्रवाई एवं संवेदनशील कार्यप्रणाली के लिए आभार व्यक्त किया।
हिन्दुस्थान समाचार / अर्जुन जग्गा