Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

हुगली, 20 जुलाई (हि. स.)। हुगली जिले के मगरा थाना क्षेत्र के शिवपुर नारायणीपल्ली इलाके से ऑनलाइन गेम की लत को लेकर परिवार की डांट के बाद 14 वर्षीय एक किशोर के लापता होने का मामला सोमवार को सामने आया है। घटना के बाद पूरे इलाके में चिंता का माहौल है। पुलिस ने मामला दर्ज कर किशोर की तलाश शुरू कर दी है।
परिवार के अनुसार, लापता किशोर का नाम सौनिक दास है। शनिवार शाम करीब 6:45 बजे वह बिना किसी को बताए घर से निकल गया। पढ़ाई में रुचि न लेने और ऑनलाइन गेम की अत्यधिक लत को लेकर उसे डांटा गया था। इसके कुछ ही देर बाद वह घर छोड़कर चला गया। एक परिचित व्यक्ति ने बताया कि उसने सौनिक को त्रिवेणी रेलवे स्टेशन के आसपास घूमते हुए देखा था। हालांकि, परिजन वहां पहुंचने से पहले ही वह वहां से जा चुका था।
काफी तलाश के बावजूद जब उसका कोई पता नहीं चला, तो परिवार ने मगरा थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायत मिलते ही पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी। किशोर की तलाश के लिए त्रिवेणी रेलवे स्टेशन और आसपास के क्षेत्रों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।
पुलिस का कहना है कि किशोर का जल्द से जल्द पता लगाने और उसे सुरक्षित बरामद करने के लिए हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय