Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

पलामू, 20 जुलाई (हि.स.)। पलामू जिले के मेदिनीनगर सदर थाना क्षेत्र के सिंगरा खुर्द गांव में नेशनल हाईवे पर सोमवार को तेज रफ्तार ट्रक की टक्कर से स्कूटी सवार छात्र की मौत हो गई, जबकि शिक्षिका मां, बहन और ममेरे भाई जख्मी हो गए। सभी को इलाज के लिए मेदिनी राय मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया। उनकी हालत चिंताजनक बनी हुई है।
मृतक की पहचान पाटन थाना क्षेत्र के अमवा गांव निवासी अंश कुमार, पिता छटठू राम में रूप में हुई है, जबकि जख्मी में उसकी मां सुनीता देवी, बहन अंशिका और ममेरे भाई पाटन के सिक्की खुर्द निवासी नारायण कुमार रवि पिता राम जी रवि हैं।
स्थानीय लाेगाें से मिली जानकारी के अनुसार, सुनीता और नारायण एक स्कूटी से अंश और अंशिका को स्कूल छोड़ने के लिये मेदिनीनगर आ रहे थे। बच्चों को छोड़ने जा रहे थे।
इसी दौरान पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने स्कूटी में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में गंभीर चोट लगने से अंश कुमार की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसकी मां सुनीता, बहन अंशिका और ममेरे नारायण कुमार रवि गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने अंश कुमार को मृत घोषित कर दिया। अन्य घायलों का इलाज निजली अस्पताल में जारी है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है।
सुनीता देवी पाटन के किशुनपुर मिडिल स्कूल में साइंस टीचर हैं। पिछले 10 साल से सेवा में हैं। उनके पति आईटीबीपी के जवान हैं। उत्तराखंड में पोस्टेड है। घटना की जानकारी मिलने पर वह उत्तराखंड से पलामू आने के लिए निकल गए हैं।
परिजन के अनुसार हर दिन सुनीता देवी अंश और अंशिका को मेदिनीनगर के निजी स्कूलों में छोड़ने के बाद वापस सरकारी स्कूल में पढ़ाने जाती थी। आज सुनीता, अंश एवं आंशिक को लेकर नारायण आ रहा था।
सदर थाना प्रभारी अफजाल अंसारी ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि ट्रक ने स्कूटी को पीछे से टक्कर मारी। घटना के बाद चालक ट्रक लेकर फरार हो गया। घायलों को स्थानीय लोगों ने इलाज के लिए अस्पताल भेजा। मामले में जांच की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिलीप कुमार