Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

राजगढ़,19 जुलाई (हि.स.)। मध्यप्रदेश के राजगढ़ जिले के खिलचीपुर थाना क्षेत्र के ग्राम करकरा में रविवार सुबह सरकारी जमीन पर कब्जे के पुराने विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। बकरी चराने को लेकर शुरू हुई कहासुनी देखते ही देखते मारपीट में बदल गई। दोनों पक्षों के बीच लाठी-डंडे और धारदार हथियार चलने से कई लोग घायल हो गए। घटना के बाद दोनों पक्ष शिकायत लेकर खिलचीपुर थाने पहुंचे, जहां पुलिस ने घायलों का मेडिकल कराकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पहले पक्ष के भारतसिंह के अनुसार, जिस सरकारी जमीन को लेकर विवाद हुआ, उस पर वर्षों से उनका कब्जा है और उनकी बहन, आशा कार्यकर्ता गीताबाई ने वहां तिल्ली की फसल बो रखी थी। आरोप है कि राहुल की बकरियां खेत में घुस गईं, जिसका विरोध करने पर विवाद बढ़ गया। इसके बाद राहुल ने कथित रूप से पत्थरबाजी की और बजेसिंह, गोलू, नितेश, दीपक, कुशल, धापूबाई, रीनाबाई सहित अन्य लोगों ने लाठी-डंडों और चाकू से हमला कर दिया। हमले में गीताबाई, मांगीलाल और संतोषबाई सहित कई लोग घायल हो गए।
वहीं दूसरे पक्ष के राहुल का कहना है कि संबंधित सरकारी जमीन पर वर्षों से उनका कब्जा है और रविवार सुबह उनकी बकरियां वहीं चर रही थीं। इसी दौरान गीताबाई से विवाद हुआ, जिसके बाद भारत, मांगीलाल, भीमसिंह, दिलखुश, देवराज, रेशमबाई, संताबाई सहित अन्य लोग लाठी-डंडे लेकर पहुंचे और हमला कर दिया। आरोप है कि जान बचाकर घर पहुंचने पर भी हमलावर वहां घुस आए और मारपीट की। इस पक्ष से दीपक, उर्मिला, बबलीबाई, धापूबाई, राहुल, कुशल, ईश्वर और नितेश घायल हुए हैं।
पुलिस का कहना है कि दोनों पक्षों की शिकायत दर्ज कर ली गई है। मेडिकल रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक