Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

कुल्लू, 19 जुलाई (हि.स.)। जिला पुलिस कुल्लू ने नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए लंकाबेकर स्थित एक रिहायशी मकान में छापेमारी कर 4.96 ग्राम हेरोइन बरामद की है। इस दौरान पुलिस ने मौके से 4,000 रुपये की नकदी भी बरामद की और चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस अधीक्षक मदन लाल कौशल ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस की विशेष टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए यह छापेमारी की। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कुलदीप (38) निवासी वार्ड नंबर-9 लंकाबेकर, यशवंत सिंह (35) निवासी ग्रामंग, डाकघर शालंग, सुरेश कुमार (25) निवासी बलौण, तहसील बंजार तथा गौरव (23) निवासी शास्त्रीनगर, ढालपुर, कुल्लू के रूप में हुई है।
एसपी ने बताया कि चारों आरोपियों के खिलाफ पुलिस थाना कुल्लू में मादक पदार्थ अधिनियम (एनडीपीएस एक्ट) की धारा 21 और 29 के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी है और यह पता लगाया जा रहा है कि बरामद हेरोइन कहां से लाई गई थी, इसकी सप्लाई चेन क्या है तथा इस अवैध कारोबार में और कौन-कौन लोग शामिल हैं।
उन्होंने कहा कि जिला पुलिस नशा तस्करों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रखे हुए है और इस अवैध नेटवर्क को पूरी तरह ध्वस्त करने के लिए हर स्तर पर जांच की जा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / जसपाल सिंह