सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक पोस्ट पर धौलपुर पुलिस की रहेगी पैनी नजर
धौलपुर, 19 जुलाई (हि.स.)। सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक पोस्ट डालने वालों पर धौलपुर पुलिस की पैनी नजर रहेगी। भ्रामक एवं हथियारों के साथ फोटो-वीडियो पोस्ट करने वालों पर कडी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। एसपी विकास सांगवान ने बताया कि सोशल मीडिया पर कुछ असाम
पुलिस


धौलपुर, 19 जुलाई (हि.स.)। सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक पोस्ट डालने वालों पर धौलपुर पुलिस की पैनी नजर रहेगी। भ्रामक एवं हथियारों के साथ फोटो-वीडियो पोस्ट करने वालों पर कडी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। एसपी विकास सांगवान ने बताया कि सोशल मीडिया पर कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा आपत्तिजनक, भ्रामक, संवेदनशील एवं समाज में भय का वातावरण उत्पन्न करने वाली सामग्री प्रसारित की जा रही है। ऐसी गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से पुलिस मुख्यालय के निर्देशन में धौलपुर पुलिस द्वारा 20 जुलाई से 20 अगस्त तक जिलेभर में सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक एवं भ्रामक सामग्री के विरुद्ध विशेष अभियान संचालित किया जाएगा। अभियान के दौरान धौलपुर पुलिस की सोशल मीडिया सेल एवं थानों की पुलिस टीमों द्वारा द्वारा फेसबुक, इंस्टाग्राम, एक्स (ट्विटर), व्हाट्सएप सहित अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर लगातार निगरानी रखी जाएगी। सोशल मीडिया पर कानून-व्यवस्था प्रभावित करने वाली, अफवाह फैलाने वाली, सामाजिक एवं साम्प्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने वाली अथवा किसी व्यक्ति विशेष की छवि खराब करने वाली आपत्तिजनक सामग्री पोस्ट, शेयर या प्रसारित करने वालों को चिन्हित कर उनके विरुद्ध नियमानुसार कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इसके साथ ही सोशल मीडिया पर हथियारों के साथ फोटो, वीडियो अथवा रील डालकर अपराध का महिमामंडन करने, आमजन में भय का माहौल बनाने या युवाओं को गलत दिशा में प्रेरित करने वाले व्यक्तियों पर भी विशेष निगरानी रखी जाएगी तथा ऐसे लोगों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। सांगवान ने बताया कि आमजन विशेष कर युवा पीढ़ी सोशल मीडिया का उपयोग जिम्मेदारी एवं सावधानीपूर्वक करें। किसी भी प्रकार की भ्रामक, आपत्तिजनक अथवा कानून विरोधी सामग्री को स्वयं साझा न करें तथा ऐसी सामग्री दिखाई देने पर इसकी सूचना तत्काल पुलिस को दें। ऐसी आपत्तिजनक पोस्ट, वीडियो या स्टोरी की सूचना धौलपुर पुलिस सोशल मीडिया सेल के व्हाट्सएप हेल्पलाइन नंबर 87645 11201 पर दी जा सकती है। इसके अतिरिक्त धौलपुर पुलिस के आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल्स पर व्यक्तिगत मैसेज (Direct Message/Inbox) के माध्यम से भी सूचना उपलब्ध कराई जा सकती है। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूर्णतः गोपनीय रखी जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रदीप