भाजपा ने विधानसभा चुनाव के पूर्व काशी क्षेत्र के बूथों को जीतने के लिए बनाई रणनीति
— काशी क्षेत्र के सभी 71 विधानसभाओं में 22 जुलाई को होंगे बूथ अध्यक्ष सम्मेलन —बूथ अध्यक्ष सम्मेलन के लिए वाराणसी जिला व महानगर की बैठक वाराणसी, 19 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 में हैट्रिक जीत के लिए सत्तारूढ़ दल भारतीय जनता प
बूथ अध्यक्ष सम्मेलन के लिए भाजपा वाराणसी जिला व महानगर की बैठक


— काशी क्षेत्र के सभी 71 विधानसभाओं में 22 जुलाई को होंगे बूथ अध्यक्ष सम्मेलन

—बूथ अध्यक्ष सम्मेलन के लिए वाराणसी जिला व महानगर की बैठक

वाराणसी, 19 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 में हैट्रिक जीत के लिए सत्तारूढ़ दल भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने सियासी बिसात बिछाने के साथ बूथ के जीतने लिए तैयार योजना को मूर्त रूप देना शुरू कर दिया है। पार्टी नेतृत्व के निर्देश पर काशी क्षेत्र के अन्तर्गत आने वाली सभी 71 विधानसभाओं में 22 जुलाई को बूथ अध्यक्ष सम्मेलन करने की तैयारी चल रही है। इस सम्मेलन के निमित्त रविवार को गुलाब बाग, सिगरा स्थित पार्टी के महानगर कार्यालय पर आयोजित जिला व महानगर की संयुक्त बैठक हुई।

बैठक में बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुए काशी क्षेत्र के अध्यक्ष अशोक चौरसिया ने आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों की जानकारी देते हुए आगे की रूपरेखा तय की। उन्होंने जमीनी स्तर पर संगठन को और अधिक मजबूत तथा सक्रिय बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। चौरसिया ने बताया कि वर्ष 2027 के चुनाव की दृष्टि से संगठन की प्राथमिक एवं महत्वपूर्ण इकाई को और अधिक सक्रिय करने की दृष्टि से आगामी 22 जुलाई को काशी क्षेत्र की सभी 71 विधान सभाओं में विधान सभा स्तर पर बूथ अध्यक्ष सम्मेलन आयोजित किए जाएंगे। कार्यकर्ताओं का यही सामूहिक प्रयास हमारी असली ताकत है। ऐसे बूथ जो सी श्रेणी के है उन्हें बी श्रेणी का, एवं जो बूथ बी श्रेणी के है उन्हें ए श्रेणी का बनाना हमारा पहला लक्ष्य है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का मानना है कि बूथ जीता तो समझो चुनाव जीता। इस लिए हम सबकी पहली प्राथमिकता है कि बूथ को मजबुर करें।

क्षेत्र अध्यक्ष चौरसिया ने बैठक में जानकारी देते हुए बताया कि भाजपा का डिजिटल बूथ प्रशिक्षण अभियान संगठन को तकनीक के साथ जोड़ने का एक ऐतिहासिक अभियान है। काशी क्षेत्र में इस अभियान को व्यापक गति प्रदान करने के लिए प्रत्येक पदाधिकारी और कार्यकर्ता सक्रिय भूमिका निभाए। प्रत्येक बूथ पर अधिक से अधिक कार्यकर्ताओं को सरल ऐप से जोड़कर डिजिटल प्रशिक्षण पूर्ण कराया जाए। डिजिटल रूप से प्रशिक्षित कार्यकर्ता संगठन की विचारधारा, केंद्र एवं प्रदेश सरकार की उपलब्धियों और जनकल्याणकारी योजनाओं को प्रभावी ढंग से समाज तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। बैठक का संचालन जगदीश त्रिपाठी एवं धन्यवाद ज्ञापन सुरेन्द्र पटेल ने किया । बैठक में जिलाध्यक्ष राम सकल पटेल, प्रवीण सिंह गौतम, राहुल सिंह, सुरेंद्र पटेल, जेपी दुबे, मधुकर चित्रांश, आलोक श्रीवास्तव,अशोक कुमार जाटव आदि पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी