Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

कानपुर, 20 जुलाई (हि.स.)। एक जनपद एक व्यंजन योजना के तहत समोसा, लड्डू और मक्खन मलाई के कारोबार से जुड़ी नई इकाइयों को बैंक ऋण के साथ मार्जिन मनी सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। यह बातें सोमवार को उपायुक्त उद्योग, जिला उद्योग प्रोत्साहन एवं उद्यमिता विकास केन्द्र, कानपुर नगर अंजनीश प्रताप सिंह ने कहीं।
उन्हाेंने बताया कि उत्तर प्रदेश सरकार की एक जनपद एक व्यंजन (ओडीओसी) वित्तपोषण के लिए सहायता योजना के अंतर्गत कानपुर नगर के लिए समोसा, लड्डू और मक्खन मलाई को चिन्हित उत्पाद बनाया गया है। योजना के माध्यम से इन उत्पादों के निर्माण, सेवा अथवा व्यवसाय से संबंधित नई इकाइयों की स्थापना के लिए वित्तीय सहायता दी जाएगी।
उन्होंने बताया कि इच्छुक अभ्यर्थियों को एमएसएमई विभाग के पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन करना होगा। आवेदन के लिए न्यूनतम आयु अठारह वर्ष निर्धारित है तथा किसी न्यूनतम शैक्षिक योग्यता की अनिवार्यता नहीं रखी गई है।
योजना के अनुसार, पच्चीस लाख रुपये तक की परियोजना लागत पर कुल लागत का पच्चीस प्रतिशत अथवा अधिकतम छह लाख पच्चीस हजार रुपये (जो भी कम हो) मार्जिन मनी दी जाएगी। पच्चीस लाख रुपये से अधिक और पचास लाख रुपये तक की परियोजनाओं पर छह लाख पच्चीस हजार रुपये अथवा परियोजना लागत का बीस प्रतिशत (जो भी अधिक हो) मार्जिन मनी मिलेगी।
इसी प्रकार पचास लाख रुपये से अधिक और एक करोड़ पचास लाख रुपये तक की परियोजनाओं के लिए दस लाख रुपये अथवा परियोजना लागत का दस प्रतिशत (जो भी अधिक हो) तथा एक करोड़ पचास लाख रुपये से अधिक की परियोजनाओं पर परियोजना लागत का दस प्रतिशत, अधिकतम पचास लाख रुपये तक मार्जिन मनी उपलब्ध कराई जाएगी।
उन्होंने बताया कि सामान्य वर्ग के लाभार्थियों को परियोजना लागत का दस प्रतिशत स्वयं के अंशदान के रूप में जमा करना होगा, जबकि अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, अन्य पिछड़ा वर्ग, अल्पसंख्यक, महिला एवं दिव्यांगजन श्रेणी के लाभार्थियों के लिए यह अंशदान पांच प्रतिशत निर्धारित किया गया है।
योजना से संबंधित विस्तृत जानकारी और आवेदन प्रक्रिया के लिए इच्छुक अभ्यर्थी जिला उद्योग प्रोत्साहन एवं उद्यमिता विकास केन्द्र, चार खम्भा कुआँ, फजलगंज स्थित कार्यालय से संपर्क कर सकते हैं।
------------------
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप