Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

औरैया, 19 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर रविवार को महिला थाना में थाना प्रभारी पूजा राठौर की अध्यक्षता में प्रोजेक्ट नई किरण के तहत पारिवारिक परामर्श शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में आपसी वैचारिक मतभेद और घरेलू विवाद के कारण अलग रह रहे 18 दंपतियों की काउंसलिंग कराई गई। लंबी बातचीत और समझाइश के बाद सभी दंपति अपने मतभेद भुलाकर दोबारा साथ रहने को राजी हो गए।
महिला थाना प्रभारी पूजा राठौर ने दंपतियों को आपसी विश्वास, संवाद और पारिवारिक जिम्मेदारियों का महत्व समझाते हुए छोटे-छोटे विवादों को बातचीत के जरिए सुलझाने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि परिवार समाज की सबसे महत्वपूर्ण इकाई है और इसे टूटने से बचाना सभी की जिम्मेदारी है।
काउंसलिंग के दौरान पति-पत्नी के बीच चल रहे मनमुटाव और कलह को दूर कराने का प्रयास किया गया। दोनों पक्षों की बात सुनने के बाद उन्हें एक-दूसरे की भावनाओं को समझने और भविष्य में प्रेम एवं सौहार्द के साथ जीवन व्यतीत करने के लिए प्रेरित किया गया। इसके बाद सभी 18 दंपतियों ने आपसी सहमति से साथ रहने का निर्णय लिया।
सुलह होने के बाद सभी परिवारों को खुशी-खुशी एक साथ विदा किया गया।
महिला थाना पुलिस ने बताया कि प्रोजेक्ट नई किरण के माध्यम से बिखरते परिवारों को जोड़ने और वैवाहिक जीवन में उत्पन्न विवादों का सौहार्दपूर्ण समाधान कराने का लगातार प्रयास किया जा रहा है। कार्यक्रम में प्रोजेक्ट नई किरण से जुड़े अन्य सदस्य भी मौजूद रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार