रायपुर : टिकरापारा पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 12 लीटर के करीब अवैध देशी शराब के साथ दो तस्कर गिरफ्तार
रायपुर, 19 जुलाई (हि. स.)। राजधानी रायपुर के टिकरापारा थाना पुलिस ने अवैध शराब के कारोबार पर कार्रवाई करते हुए दो आरोपितों को रंगेहाथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों के कब्जे से कुल 11.88 लीटर अवैध देशी शराब जब्त की है। मामले में आबकारी एक्ट के
आरोपित गिरफ्तार


रायपुर, 19 जुलाई (हि. स.)। राजधानी रायपुर के टिकरापारा थाना पुलिस ने अवैध शराब के कारोबार पर कार्रवाई करते हुए दो आरोपितों को रंगेहाथ गिरफ्तार किया है।

पुलिस ने दोनों के कब्जे से कुल 11.88 लीटर अवैध देशी शराब जब्त की है। मामले में आबकारी एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर आरोपितों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर शहर में अवैध गतिविधियों और शराब के कारोबार पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। इसी क्रम में आज रविवार 19 जुलाई को मुखबिर से सूचना मिली कि, मठपुरैना क्षेत्र में दो युवक अवैध रूप से देशी शराब का भंडारण कर बिक्री कर रहे हैं।

सूचना के बाद थाना प्रभारी निरीक्षक राजेश कुमार मरई के नेतृत्व में पुलिस की दो अलग-अलग टीमों का गठन किया गया। एक टीम ने मठपुरैना स्थित पानी टंकी के पास दबिश देकर सुरेश देवार को गिरफ्तार किया, जबकि दूसरी टीम ने त्रिमूर्ति मंदिर के पास कार्रवाई करते हुए महावीर निषाद को पकड़ा।

तलाशी के दौरान दोनों आरोपितों के पास से 33-33 पौवा देशी शराब बरामद हुई। प्रत्येक आरोपी के कब्जे से 5.940 लीटर देशी शराब, जिसकी कीमत लगभग 3,300 रुपये बताई गई है, जब्त की गई। इस प्रकार कुल 66 पौवा (11.88 लीटर) देशी शराब बरामद हुई।

गिरफ्तार आरोपितों की पहचान मठपुरैना निवासी सुरेश देवार (25 वर्ष) और महावीर निषाद (25 वर्ष) के रूप में हुई है। दोनों के विरुद्ध टिकरापारा थाने में आबकारी एक्ट के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया है।

पुलिस ने दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। इस कार्रवाई में टिकरापारा थाना पुलिस की टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गायत्री प्रसाद धीवर