सिंगरौली : कंपनी परिसर में पेड़ से लटका मिला लापता श्रमिक का शव, जांच में जुटी पुलिस
- आक्रोशित परिजनों ने रातभर कंपनी के गेट पर किया उग्र प्रदर्शन सिंगरौली, 19 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के सिंगरौली जिले में शनिवार दोपहर से लापता एक रिलायंस पावर कंपनी के श्रमिक का शव रविवार सुबह कंपनी परिसर के अंदर ही एक पेड़ से फंदे पर लटकता हुआ
आक्रोशित परिजनों ने रातभर कंपनी के गेट पर किया उग्र प्रदर्शन


- आक्रोशित परिजनों ने रातभर कंपनी के गेट पर किया उग्र प्रदर्शन

सिंगरौली, 19 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के सिंगरौली जिले में शनिवार दोपहर से लापता एक रिलायंस पावर कंपनी के श्रमिक का शव रविवार सुबह कंपनी परिसर के अंदर ही एक पेड़ से फंदे पर लटकता हुआ मिला है। श्रमिक की गुमशुदगी से आक्रोशित परिजनों ने रातभर कंपनी के गेट पर उग्र प्रदर्शन किया, जिसमें वाहनों में तोड़फोड़ और पुलिस से धक्का-मुक्की भी हुई।

सिंगरौली जिले की रिलायंस पावर कंपनी में रविवार सुबह पुलिस सर्चिंग के दौरान एक लापता कर्मचारी का शव कंपनी परिसर के भीतर ही पेड़ से फंदे पर लटका हुआ मिला। मृतक की पहचान खमहरिया पंचायत के महदेवा गांव निवासी जगदीश साकेत के रूप में हुई है। जगदीश शनिवार सुबह अपनी ड्यूटी पर आया था और दोपहर करीब 2 बजे उसकी शिफ्ट खत्म हो गई थी, लेकिन वह घर नहीं लौटा। जब रविवार सुबह पुलिस टीम ने कंपनी के अंदर तलाशी अभियान चलाया, तो पेड़ पर उसका शव फंदे पर लटका हुआ मिला शव के पास से ही मृतक का टिफिन बॉक्स और उसका मोबाइल फोन भी बरामद हुआ।

बताया जा रहा है कि जगदीश के शनिवार दोपहर घर न पहुंचने पर परिजनों ने पहले अपने स्तर पर उसकी काफी खोजबीन की। जब उसका कहीं पता नहीं चला, तो वे जानकारी लेने रिलायंस कंपनी के गेट पर पहुंचे। आरोप है कि कंपनी प्रबंधन की ओर से कोई संतोषजनक जानकारी या सहयोग नहीं मिला, जिससे परिजनों और साथी श्रमिकों का गुस्सा फूट पड़ा। उन्होंने कंपनी गेट पर देर रात करीब 1 बजे तक भारी हंगामा किया। इस दौरान कुछ आक्रोशित लोगों ने वहां खड़े वाहनों में तोड़फोड़ कर दी और स्थिति संभालने आई पुलिस के साथ भी तीखी झड़प और धक्का-मुक्की की घटना हुई। माहौल बिगड़ता देख प्रशासन ने तुरंत एक्शन लेते हुए मौके पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया।

सिंगरौली पुलिस अधीक्षक (एसपी) सिराज के. एम. ने बताया कि घटना की हर पहलू से बारीकी से जांच की जा रही है। पुलिस टीम ने शव को फंदे से उतारकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भिजवा दिया है। कंपनी परिसर और उसके आसपास लगे सभी सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को खंगाला जा रहा है। फिलहाल, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असली कारणों का खुलासा हो सकेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उम्मेद सिंह रावत