Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

रांची, 19 जुलाई (हि.स.)। राजधानी रांची सहित राज्य भर में हाल के दिनों में बारिश में सुधार देखने को मिला है। 01 जून से 19 जुलाई तक राज्य भर में ३८०.६ मिलिमीटर के मुकाबले २४०.६ मिमी रिकॉर्ड की गई है जो सामान्य से 37 प्रतिशत कम है। वहीं इस दौरान यह आंकड़ा 12 जुलाई तक 40 प्रतिशत था।
जुलाई के दूसरे हफ्ते में हुई अच्छी बारिश के कारण राज्य भर में कृषि कार्यों में तेजी आई है। वहीं मौसम विभाग ने 20 और 21 जुलाई को राज्य के विभिन्न जिलों में भारी बारिश होने की संभावना व्यक्त की है। इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने और आकाशीय बिजली गिरने की संभावना है। इसे लेकर विभाग की ओर से येलो अलर्ट जारी किया गया है।
पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य में सबसे अधिक बारिश धनबाद जिले के राजदह में 76.8 मिलीमीटर रिकॉर्ड की गई। वहीं इस दौरान राज्य में सबसे अधिक तापमान सरायकेला में 36.4 डिग्री और सबसे कम न्यूनतम तापमान रांची के कांके में 20.3 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया।
रविवार को रांची और आसपास के इलाकों में सुबह से बादल छाए रहे और दोपहर बाद कांके क्षेत्र में भारी बारिश दर्ज की गई।
वहीं, रविवार को रांची में अधिकतम तापमान 30.6 डिग्री और न्यूनतम 23.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं जमशेदपुर में अधिकतम 33 डिग्री और न्यूनतम 26.4 डिग्री, डाल्टनगंज में अधिकतम 31.6 और न्यूनतम 25.9 डिग्री, बोकारो में अधिकतम 32.1 डिग्री और न्यूनतम 24.4 डिग्री एवं चाईबासा में अधिकतम तापमान 34.8 डिग्री और न्यूनतम तापमान 24.4 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Vinod Pathak