Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

पुलिस उपायुक्त मुख्यालय पंकज ने किया उद्घाटन, खेल भावना और अनुशासन के साथ उत्कृष्ट प्रदर्शन का किया आह्वान
प्रयागराज, 19 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के प्रयागराज कमिश्नरेट के रिजर्व पुलिस लाइंस में रविवार को 74वीं अंतरजनपदीय वॉलीबॉल क्लस्टर (महिला/पुरुष) प्रतियोगिता-2026 का शुभारंभ उत्साहपूर्ण माहौल में हुआ। प्रतियोगिता का उद्घाटन पुलिस उपायुक्त मुख्यालय पंकज ने किया। उन्होंने खिलाड़ियों से खेल भावना, अनुशासन और टीम भावना के साथ उत्कृष्ट प्रदर्शन करने का आह्वान करते हुए कहा कि इस तरह की प्रतियोगिताएं खिलाड़ियों की प्रतिभा निखारने के साथ-साथ आपसी समन्वय और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा को भी बढ़ावा देती हैं।
इस प्रतियोगिता में कमिश्नरेट प्रयागराज, प्रतापगढ़, कौशाम्बी, फतेहपुर, बांदा, महोबा और चित्रकूट सहित सात जनपदों की महिला एवं पुरुष टीमों के 90 खिलाड़ी प्रतिभाग कर रहे हैं। उद्घाटन अवसर पर प्रतिसार निरीक्षक लाइंस प्रथम विनोद कुमार सिंह, प्रतिसार निरीक्षक द्वितीय प्रवीण कुमार सिंह सहित पुलिस विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे और खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।
प्रतियोगिता के पहले दिन पुरुष वर्ग का मुकाबला प्रतापगढ़ और फतेहपुर के बीच खेला गया, जिसमें फतेहपुर की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जीत दर्ज कर अगले चरण में प्रवेश किया। तीन दिवसीय इस प्रतियोगिता में महिला एवं पुरुष वर्ग की विभिन्न टीमों के बीच रोमांचक मुकाबले खेले जाएंगे। प्रतियोगिता का उद्देश्य पुलिस कर्मियों में शारीरिक दक्षता, खेल भावना, टीम वर्क और आपसी सौहार्द को प्रोत्साहित करना है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल