Enter your Email Address to subscribe to our newsletters


एनडीपीएस अधिनियम के तहत पूरी विधिक प्रक्रिया के बाद उच्च स्तरीय समिति की निगरानी में हुआ विनष्टीकरण
प्रयागराज, 19 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले में चलाए जा रहे आपरेशन दहन के तहत विभिन्न थानों की पुलिस टीमों ने रविवार को लगभग 1200.16 किलोग्राम गांजा नष्ट किया। जिसकी कीमत अन्तर्राष्ट्रीय बाजार में 6 करोड़ 41 लाख रुपये आंकी गई है।
अपर पुलिस आयुक्त (कानून-व्यवस्था) अजय पाल शर्मा ने बताया कि आपरेशन दहन अभियान के अपराध शाखा की नारकोटिक्स टास्क फोर्स, थाना नैनी, थाना औद्योगिक क्षेत्र, थाना कर्नलगंज और थाना बहरिया पुलिस ने संयुक्त रूप से यह अभियान चलाया।
इस दौरान थाना नैनी और थाना औद्योगिक क्षेत्र से बरामद 1115.950 किलोग्राम गांजा, जिसकी अनुमानित अंतरराष्ट्रीय कीमत 5 करोड़ 57 लाख 97 हजार 500 रुपये है, का करीब छह घंटे तक चली प्रक्रिया के बाद विनष्टीकरण किया गया।
वहीं थाना कर्नलगंज में दर्ज 18 मुकदमों से बरामद 59.760 किलोग्राम गांजा, जिसकी अनुमानित कीमत 29 लाख 88 हजार रुपये है, को भी ऑपरेशन दहन के तहत नष्ट किया गया।
इसके अलावा थाना बहरिया पुलिस एवं नारकोटिक्स टास्क फोर्स ने 24.450 किलोग्राम गांजा, जिसकी अनुमानित अंतरराष्ट्रीय कीमत 12 लाख 22 हजार 500 रुपये है, का भी विधिवत दहन कराया।
उन्होंने बताया कि बरामद सभी मादक पदार्थों की पहले विधि विज्ञान प्रयोगशाला (एफएसएल) से जांच कराई गई, जिसमें उनके गांजा होने की पुष्टि हुई। इसके बाद विवेचना पूरी कर न्यायालय में आरोप पत्र दाखिल किए गए तथा एनडीपीएस अधिनियम की धारा 52-ए के तहत न्यायालय की अनुमति, पुलिस महानिदेशक उत्तर प्रदेश एवं पुलिस महानिरीक्षक एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स से स्वीकृति प्राप्त होने के बाद वायु प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड से अनुमोदित प्रक्रिया के अनुसार भारी सुरक्षा व्यवस्था के बीच गांजे का पूर्ण विनष्टीकरण किया गया।
हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल