भाजपा बूथ सम्मेलन की सफलता के लिए पूरी ताकत से जुटें कार्यकर्ता : संजय गुप्ता
महानगर अध्यक्ष बोले—22 जुलाई का बूथ सम्मेलन संगठन की शक्ति का प्रदर्शन होगा, बूथ अध्यक्ष पूरी तैयारी और जानकारी के साथ पहुंचे प्रयागराज, 19 जुलाई (हि.स.)। आगामी 22 जुलाई को आयोजित होने वाला बूथ सम्मेलन वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव की दृष्टि से अत्य
बूथ सम्मेलन को लेकर चल रही समीक्षा बैठक का छाया चित्र


महानगर अध्यक्ष बोले—22 जुलाई का बूथ सम्मेलन संगठन की शक्ति का प्रदर्शन होगा, बूथ अध्यक्ष पूरी तैयारी और जानकारी के साथ पहुंचे

प्रयागराज, 19 जुलाई (हि.स.)। आगामी 22 जुलाई को आयोजित होने वाला बूथ सम्मेलन वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव की दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण है। उक्त बातें रविवार को सिविल लाइन स्थित भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) कार्यालय में हुई बैठक को संबोधित करते हुए महानगर अध्यक्ष संजय गुप्ता ने कहीं।

उन्होंने कहा कि इस कार्यक्रम पर प्रदेश नेतृत्व की सीधी नजर है, इसलिए प्रत्येक मंडल और बूथ स्तर के कार्यकर्ता पूरी तैयारी, संगठनात्मक मजबूती और जिम्मेदारी के साथ सम्मेलन में सहभागिता सुनिश्चित करें।

महानगर के सभी 15 मंडलों में आयोजित बैठकों में बूथ सम्मेलन की तैयारियों की समीक्षा करते हुए संजय गुप्ता ने कार्यकर्ताओं से कहा कि सम्मेलन संगठन की ताकत और बूथ स्तर की सक्रियता का परिचायक होगा। उन्होंने मंडल अध्यक्षों को निर्देश दिए कि सभी बूथ अध्यक्षों से व्यक्तिगत संपर्क कर सम्मेलन की जानकारी दें तथा उन्हें अपने बूथ की पूरी जानकारी के साथ सम्मेलन में उपस्थित होने के लिए प्रेरित करें।

उन्होंने कहा कि प्रदेश स्तर के वरिष्ठ पदाधिकारी तथा संभावित रूप से प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह भी सम्मेलन में शामिल हो सकते हैं। ऐसे में सभी मंडलों को अपने-अपने क्षेत्र की तैयारियां समय से पूरी करनी होंगी।

महानगर अध्यक्ष ने पन्ना प्रमुखों के गठन के कार्य में तेजी लाने पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि कई मंडलों में यह कार्य पूरा हो चुका है, जबकि जिन मंडलों में अभी शेष है, वहां इसे प्राथमिकता के आधार पर जल्द पूरा किया जाए।

बैठक में बताया गया कि 22 जुलाई को शहर उत्तरी, शहर दक्षिणी और शहर पश्चिमी विधानसभा क्षेत्रों के बूथ सम्मेलन एक ही दिन अलग-अलग स्थानों पर आयोजित किए जाएंगे।

बूथ सम्मेलन की तैयारियों को लेकर शिवकुटी, विश्वविद्यालय, प्रीतमनगर, वेणी माधव, भरद्वाज, राजरूपपुर, चौक, कीडगंज, नैनी सहित सभी मंडलों में पार्टी पदाधिकारियों एवं मंडल प्रभारियों ने बैठक कर रणनीति बनाई और कार्यक्रम की सफलता के लिए विस्तृत मंथन किया।

इस अवसर पर महानगर महामंत्री डॉ. शैलेश पांडेय, विक्रमजीत सिंह भदौरिया, रमेश पासी, आनंद सोनकर, अनुज कुशवाहा, प्रमोद मोदी, विजय श्रीवास्तव, अजय सिंह, दीप द्विवेदी, अरुण पटेल, कंचनलता, आशीष गुप्ता, पवन श्रीवास्तव, विवेक मिश्रा, शुभम सिंह सहित अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल