Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

सतना, 19 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के सतना जिले में रविवार दोपहर बिड़ला सीमेंट फैक्ट्री के रोपवे सिस्टम में बड़ा हादसा टल गया। नैना सगमनिया खदान से फैक्ट्री तक माल ढुलाई के दौरान पहले रोपवे की एक ट्रॉली टूट गई। इसके बाद क्रमवार तीन ट्रॉलियां नीचे सड़क पर गिर गईं। राहत की बात यह रही कि हादसे के समय सड़क पर कोई राहगीर या वाहन नहीं था, जिससे जनहानि नहीं हुई।
घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंच गए। हादसे का वीडियो भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
आबादी वाले क्षेत्र से गुजरता है रोपवे
रोपवे से खदानों का माल फैक्ट्री तक पहुंचाया जा रहा था। इसी दौरान अचानक एक ट्रॉली का संतुलन बिगड़ा और वह टूटकर नीचे गिर गई। इसके बाद उसके पीछे आ रही दो अन्य ट्रॉलियां भी सड़क पर आ गिरीं। जिस स्थान पर हादसा हुआ, वहां रोपवे के ठीक नीचे से ग्रामीणों के आवागमन के लिए सड़क गुजरती है। ऐसे में लोगों का कहना है कि यदि उस समय सड़क पर आवाजाही होती, तो बड़ा हादसा हो सकता था।
ग्रामीणों ने सुरक्षा में लापरवाही के लगाए आरोप
बेला और बठिया गांव के ग्रामीणों ने कंपनी प्रबंधन पर सुरक्षा और पर्यावरण संबंधी मानकों की अनदेखी का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि आबादी वाले क्षेत्र के ऊपर से लंबे समय से रोपवे का संचालन किया जा रहा है। इस संबंध में कई बार प्रशासन और संबंधित विभागों को शिकायतें भी दी गईं, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
ग्रामीणों ने पूरे रोपवे सिस्टम की उच्चस्तरीय तकनीकी जांच कराने, सुरक्षा मानकों की समीक्षा करने और यदि किसी प्रकार की लापरवाही सामने आती है तो जिम्मेदार अधिकारियों और कंपनी प्रबंधन के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
जांच के बाद ही सामने आएगी वजह
फिलहाल ट्रॉलियां गिरने के कारणों का आधिकारिक खुलासा नहीं हुआ है। प्रशासन और कंपनी प्रबंधन की ओर से भी घटना को लेकर कोई विस्तृत बयान जारी नहीं किया गया है। जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि हादसा तकनीकी खराबी के कारण हुआ या किसी अन्य वजह से।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे