Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

- इंदौर प्रेस क्लब ने वार्षिक परीक्षा में अच्छा प्रदर्शन करने वाले 100 से अधिक बच्चों को सम्मानित किया
इंदौर, 19 जुलाई (हि.स.)। इंदौर संभागायुक्त डॉ. सुदाम खाड़े ने कहा कि ब्रेकिंग न्यूज़ के पीछे एक पत्रकार का बड़ा संघर्ष होता है। पत्रकार का पेशा बड़ा कठिन है। वह दिन- रात परिश्रम करता है, फिर चाहे मौसम कैसा भी हो। उन्होंने एक कथन को उद्घृत करते हुए कहा कि सफलता कोई लक्ष्य नहीं है एक यात्रा है और इसके बाद एक नई यात्रा की शुरुआत होती है।
संभागायुक्त डॉ. खाडे रविवार को इंदौर प्रेस क्लब द्वारा माथुर सभागृह में आयोजित काबिलियत को सलाम कार्यक्रम में अपना संबोधन दे रहे थे। उन्होंने कहा कि सफलता मिलने का समय निश्चित नहीं होता, वह कभी भी प्राप्त हो सकती है, हमेशा उसे पाने के लिए तैयार रहे।
कार्यक्रम मे पुलिस कमिश्नर संतोष कुमार सिंह, शिक्षाविद् सिद्धांत जोशी, शोभा पैठनकर, प्रेस क्लब अध्यक्ष दीपक कर्दम विशेष रूप से उपस्थित थे। कार्यक्रम में पत्रकारों के ऐसे 100 से अधिक बच्चों को सम्मानित किया गया, जिन्होंने स्कूली शिक्षा ( कक्षा 5 वीं से लेकर कक्षा 12 वीं) की वार्षिक परीक्षाओ में 80 फीसदी से अधिक अंक प्राप्त किए। संभागायुक्त डॉ. खाड़े ने बच्चों से कहा कि वे कठोर परिश्रम करें और आगे बढ़ते रहे तथा चुनौतियों से घबराये नहीं। उन्होंने कहा कि सभी बच्चे नशे से दूरी बनाये।
पुलिस कमिश्नर संतोष कुमार सिंह ने सभी बच्चों को बधाई देते हुए कहा कि वे अपने प्रयासों में कभी भी कमी नहीं आने दें। हमेशा अपना सर्वश्रेष्ठ देने की कोशिश करें, जीवन में हमेशा आगे बढ़ते रहें। उन्होंने सभी बच्चों और उनके अभिभावकों तथा पत्रकारों को नशे से दूर रहने की शपथ दिलाई।
उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने हाल ही नशे से दूरी है जरूरी 2. 0 अभियान की शुरुआत की। यह अभियान आगामी 31 जुलाई तक चलेगा। इस अभियान के तहत अभी तक 6 लाख लोगों को नशे से दूरी की ऑफलाइन शपथ दिलाई गई। सोशल मीडिया के माध्यम से यह अभियान अभी तक 35 लाख लोगों तक पहॅुचा है। लक्ष्य है 7 करोड़ लोगों तक पहुँचना है।
शोभा पैठनकर ने कहा कि बच्चों को अच्छे संस्कार परिवार से जबकि शिक्षा विद्यालय से मिलती हैं। उन्होंने कहा कि नई शिक्षा नीति में आगे बढ़ने के बहुत अवसर है। शिक्षाविद् सिद्दांत जोशी ने कहा कि एक अच्छा इंसान ही अच्छा अधिकारी से लेकर इंजीनियर डॉक्टर आदि होता है। अच्छे इंसान बनने में प्रतिस्पर्धा नहीं है फिर भी हम इस पर ध्यान नहीं देते है।
कार्यक्रम में ऐसे प्रतिभाशाली बच्चे भी सम्मानित हुए जिन्होंने विभिन्न प्रवेश परीक्षाओं और प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता प्राप्त की। अतिथियों द्वारा सभी मेधावी बच्चों को प्रमाण पत्र एवं उपहार देकर सम्मानित किया और समूह चित्र खिंचवाई। कार्यक्रम का संचालन इंदौर प्रेस क्लब के महासचिव श्री प्रदीप जोशी ने किया। कार्यक्रम मे बड़ी संख्या में मीडियाकर्मी एवं नागरिकगण उपस्थित हुए।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर