Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

- केंद्रीय मंत्री दुर्गादास उइके ने दिखाई हरी झंडी
बैतूल, 19 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के बैतूल जिले के लगभग 260 श्रद्धालुओं को मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना के अंतर्गत रविवार को हरिद्वार-ऋषिकेश की चार दिवसीय तीर्थ यात्रा के लिए रेलवे स्टेशन से विशेष ट्रेन द्वारा रवाना किया गया।
केंद्रीय मंत्री दुर्गादास उइके ने बुजुर्ग यात्रियों का पुष्पहार पहनाकर आत्मीय स्वागत किया, उनका आशीर्वाद लिया तथा हरी झंडी दिखाकर यात्रा को रवाना किया। इस अवसर पर जिला पंचायत उपाध्यक्ष हंसराज धुर्वे, अपर कलेक्टर वंदना जाट, जिला पंचायत की अतिरिक्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी इंदिरा महतो सहित अन्य अधिकारी कर्मचारी उपस्थित रहे।
इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री उइके ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी एवं मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में संचालित मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना बुजुर्गों के सम्मान और उनकी आस्था को समर्पित एक महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने कहा कि जीवनभर परिवार और समाज की सेवा करने वाले वरिष्ठ नागरिकों को पवित्र तीर्थ स्थलों के दर्शन कराने का अवसर देना सरकार की संवेदनशील सोच का परिचायक है।
उन्होंने यात्रियों से यात्रा के दौरान आध्यात्मिक अनुभव प्राप्त करने, देश की सांस्कृतिक विरासत को करीब से जानने तथा प्रदेश और देश की सुख-समृद्धि के लिए प्रार्थना करने का आग्रह किया। उन्होंने सभी यात्रियों के सुखद, सुरक्षित एवं मंगलमय यात्रा की शुभकामनाएं भी दी।
मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना के तहत यह हरिद्वार-ऋषिकेश यात्रा 19 जुलाई से 22 जुलाई 2026 तक आयोजित की जा रही है। यात्रा के लिए बैतूल जिले से कुल 260 यात्रियों का चयन किया गया है। यात्रियों की सुविधा एवं सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए एक चिकित्सक, पांच आरक्षक तथा पांच अनुरक्षकों की ड्यूटी लगाई गई है। इस विशेष तीर्थ यात्रा में बैतूल के साथ नर्मदापुरम एवं सागर जिले के श्रद्धालु भी सहभागी हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर