Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

गोरखपुर, 19 जुलाई (हि.स.)। पिपराइच विधानसभा क्षेत्र के भटहट ब्लॉक अंतर्गत ग्रामसभा पतरा स्थित लीलावती हेल्थ केयर एंड ट्रेनिंग सेंटर में रविवार को निःशुल्क चिकित्सा, सिविल, जी.डी.ए. (जनरल ड्यूटी असिस्टेंट), ई.एम.टी. (इमरजेंसी मेडिकल टेक्नीशियन) सहित विभिन्न नर्सिंग एवं स्वास्थ्य संबंधी प्रशिक्षण पाठ्यक्रमों की छात्राओं के लिए भव्य प्रमाण-पत्र वितरण समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे पिपराइच विधायक महेंद्र पाल सिंह ने सफल प्रशिक्षण प्राप्त करने वाली छात्राओं को प्रमाण-पत्र वितरित कर उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं तथा उन्हें सेवा, समर्पण और मानवता के मूल्यों के साथ स्वास्थ्य क्षेत्र में कार्य करने का संदेश दिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन एवं स्वागत समारोह के साथ हुआ। इस अवसर पर भटहट ब्लॉक प्रमुख राघवेंद्र प्रताप सिंह, पिपराइच के पूर्व ब्लॉक प्रमुख आनंद शाही सहित अन्य अतिथियों ने छात्राओं का उत्साहवर्धन करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। अपने संबोधन में विधायक महेंद्र पाल सिंह ने कहा कि किसी भी देश की मजबूत स्वास्थ्य व्यवस्था का आधार कुशल, प्रशिक्षित और संवेदनशील स्वास्थ्यकर्मी होते हैं। उन्होंने कहा कि नर्स केवल एक स्वास्थ्यकर्मी नहीं होती, बल्कि मरीज और उसके परिवार के लिए आशा, विश्वास और सेवा का प्रतीक होती है। इसलिए नर्सिंग का कार्य केवल रोजगार नहीं, बल्कि मानव सेवा का एक पवित्र माध्यम है।
उन्होंने कहा कि वर्तमान समय कौशल आधारित एवं व्यावसायिक शिक्षा का है। केंद्र एवं प्रदेश सरकार युवाओं, विशेषकर बेटियों को आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से अनेक योजनाएं संचालित कर रही है। नर्सिंग, पैरामेडिकल एवं स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में प्रशिक्षित युवाओं के लिए देश और विदेश दोनों स्तरों पर रोजगार की व्यापक संभावनाएं उपलब्ध हैं। उन्होंने छात्राओं से आग्रह किया कि वे अपने प्रशिक्षण, ज्ञान और कौशल का उपयोग समाज के कमजोर एवं जरूरतमंद लोगों की सेवा में करें तथा अपने कार्य से संस्था, परिवार और क्षेत्र का नाम रोशन करें।
विधायक ने प्रशिक्षण केंद्र के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि ग्रामीण क्षेत्र में इस प्रकार के संस्थान युवाओं को गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण देकर उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। ऐसे संस्थान न केवल रोजगार के अवसर बढ़ा रहे हैं, बल्कि समाज को प्रशिक्षित स्वास्थ्यकर्मी भी उपलब्ध करा रहे हैं।
कार्यक्रम के दौरान छात्राओं ने अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त किया तथा अपने प्रशिक्षण अनुभव साझा किए। समारोह में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राओं का विशेष रूप से सम्मान भी किया गया। पूरे कार्यक्रम में उत्साह, अनुशासन और आत्मविश्वास का वातावरण देखने को मिला।
इस अवसर पर पूर्व जिला मंत्री नरेंद्र सिंह, संजय सिंह, पूर्व जिला पंचायत सदस्य रामभोग सिंह, चरगांवा मंडल अध्यक्ष अनिल चौहान, प्रशिक्षण केंद्र के प्रबंधक चंद्रशेखर त्रिपाठी, ग्राम प्रधान रणजीत सिंह, गजेंद्र चौरसिया, केशव साहनी, रघुवंश यादव, विपिन कुमार गौड़, मोहन कनौजिया, मिथिलेश मौर्या, दत्तात्रेयमुनि मिश्रा सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं, शिक्षकगण, अभिभावक एवं क्षेत्र के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
प्रमाण-पत्र वितरण के साथ संपन्न हुए इस समारोह ने छात्राओं में आत्मविश्वास का संचार किया और उन्हें समाज की सेवा के लिए समर्पित स्वास्थ्यकर्मी बनने की नई प्रेरणा प्रदान की। आयोजकों ने सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी युवाओं के कौशल विकास एवं रोजगारोन्मुखी प्रशिक्षण कार्यक्रम निरंतर संचालित करने का संकल्प दोहराया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / प्रिंस पाण्डेय