Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

—76 दिवसीय “वार्ड प्रवास” का दूसरा दिन , विधायक ने आम लोगों के साथ लगाई चौपाल
वाराणसी, 20 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के पूर्व मंत्री एवं वाराणसी शहर दक्षिणी के विधायक डॉ. नीलकंठ तिवारी ने अपने 76 दिवसीय वार्ड प्रवास अभियान के दूसरे दिन सोमवार को कमलगढ़हा वार्ड में प्रवास किया। इस दौरान उन्होंने क्षेत्र का व्यापक भ्रमण कर स्थानीय नागरिकों से संवाद किया, जनचौपाल लगाकर उनकी समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को मौके पर ही आवश्यक निर्देश दिए।
भ्रमण के दौरान स्थानीय लोगों ने जर्जर हो चुके बिजली के पोल की समस्या विधायक के समक्ष रखी। इस पर डॉ. तिवारी ने तत्काल उपस्थित बिजली विभाग के अधिकारियों को पोल को शीघ्र बदलने और समस्या के स्थायी समाधान के निर्देश दिए। इसके अलावा कई स्थानों पर ऊंचे-नीचे हो चुके सीवर चैंबरों की शिकायत मिलने पर नगर निगम के अधिकारियों को उन्हें तत्काल दुरुस्त कराने का निर्देश दिया।
वार्ड प्रवास के दौरान विधायक ने क्षेत्र के कई परिवारों के घर पहुंचकर उनका कुशलक्षेम जाना और नागरिकों से सीधे संवाद स्थापित किया। उन्होंने लोगों की समस्याओं, सुझावों और आवश्यकताओं को गंभीरता से सुना तथा उनके त्वरित समाधान का भरोसा दिलाया।
पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए डॉ. नीलकंठ तिवारी ने क्षेत्र में पांच पौधों का पौधारोपण भी किया। उन्होंने नागरिकों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी नियमित देखभाल करने का आह्वान करते हुए पर्यावरण संरक्षण को जनभागीदारी का अभियान बनाने पर बल दिया।
इस अवसर पर भाजपा मंडल अध्यक्ष तारकेश्वर नाथ 'बंटी', बृजेश जायसवाल, राहुल मिश्रा सहित पार्टी के अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी