Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

अमेठी, 19 जुलाई (हि.स.)। जिले में शिवरतनगंज थाना क्षेत्र के दादूपुर गांव स्थित गौशाला में रविवार को एक अधेड़ की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतक की पहचान इन्हौना थाना क्षेत्र के बदनापुर निवासी राम दुलारे गौतम (60) के रूप में हुई है, जो मृत पशुओं की खाल निकालने का कार्य करते थे। घटना के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल है और पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, राम दुलारे गौतम रविवार शाम करीब 5 बजे दादूपुर गौशाला में मृत पशु की खाल निकालने के लिए पहुंचे थे। इसी दौरान कुछ युवक वहां पहुंचे, जिन्होंने स्वयं को गौरक्षा दल का सदस्य बताया। गौशाला के पास मृत पशुओं की हड्डियां खुले में पड़ी होने को लेकर युवकों की ग्राम प्रधान नंद किशोर से बातचीत हो रही थी। इसी बीच राम दुलारे और युवकों के बीच विवाद हो गया। विवाद के दौरान युवकों ने राम दुलारे के साथ मारपीट की, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर बेहोश हो गए। इसके बाद मौजूद लोग उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सिंहपुर ले गए, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद संबंधित युवक मौके से चले गए।
वहीं, पुलिस का प्रारंभिक बयान इससे अलग है। शिवरतनगंज थाना प्रभारी दयाशंकर मिश्र ने बताया कि प्रथम दृष्टया जानकारी के अनुसार मृतक हड्डियों से संबंधित कार्य कर रहा था, तभी वह अचानक बेहोश होकर गिर पड़ा। वहां मौजूद लोग उसे इलाज के लिए अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट सहित अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
घटना के बाद क्षेत्र में तनाव को देखते हुए पुलिस बल तैनात कर स्थिति पर नजर रखी जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की निष्पक्ष जांच की जा रही है और जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / लोकेश त्रिपाठी