Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

मुरादाबाद, 19 जुलाई (हि.स.)। उत्तर रेलवे के मुरादाबाद मंडल में कार्यरत मुख्य टिकट निरीक्षक (सीआईटी) राजेश कुमार मीणा ने अपनी सतर्कता, ईमानदारी एवं यात्री सेवा के प्रति समर्पण का उत्कृष्ट परिचय देते हुए रविवार को गाड़ी संख्या 13005 में यात्रा कर रही एक महिला यात्री का खोया हुआ पर्स सुरक्षित रूप से उसके परिजनों को वापस सौंपकर सराहनीय कार्य किया।
राजेश कुमार मीणा ने बताया कि ड्यूटी के दौरान उन्हें को कोच ए-1 में एक महिला यात्री का पर्स मिला। पर्स में मोबाइल फोन, ईयरफोन, मोबाइल चार्जर, पहचान पत्र एवं नगद राशि सुरक्षित रखी हुई थी। पर्स मिलने के उपरांत उन्होंने तत्काल कोच में यात्रा कर रहे यात्रियों से जानकारी प्राप्त की। जांच के दौरान ज्ञात हुआ कि पर्स कोच ए-1 की बर्थ संख्या 39 एवं 40 पर लखनऊ से जालंधर की यात्रा कर रहे यात्रियों का है।
यात्रा के दौरान लुधियाना स्टेशन पर संबंधित महिला यात्री के पति का सत्यापन करने के उपरांत पर्स उन्हें सुरक्षित रूप से सुपुर्द कर दिया गया। यात्री द्वारा पर्स में रखे सभी सामान की जांच करने पर मोबाइल फोन, ईयरफोन, मोबाइल चार्जर, पहचान पत्र एवं नगद राशि सहित सभी वस्तुएँ सुरक्षित एवं यथावत पाई गईं।
अपना खोया हुआ पर्स सकुशल प्राप्त होने पर यात्री एवं उनके परिजनों ने भारतीय रेल तथा मुरादाबाद मंडल का हार्दिक आभार व्यक्त करते हुए राजेश कुमार मीणा की ईमानदारी, तत्परता एवं कर्तव्यनिष्ठा की भूरि-भूरि प्रशंसा की।
हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल