Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

धर्मशाला, 19 जुलाई (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन द्वारा 19 जुलाई से 25 जुलाई तक एचपीसीए क्रिकेट स्टेडियम, धर्मशाला में अंपायर एवं मैच रेफरी रिफ्रेशर कोर्स–2026 का आयोजन किया जा रहा है। यह रिफ्रेशर कोर्स दो चरणों (बैचों) में आयोजित किया जाएगा, जिसका उद्देश्य अंपायरों एवं मैच रेफरियों को क्रिकेट के नवीनतम नियमों, खेल की परिस्थितियों तथा मैच संचालन से संबंधित दिशा-निर्देशों से अवगत कराना और उनके ज्ञान एवं कौशल को और सुदृढ़ करना है।
इस प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों को क्रिकेट के नियमों में हुए नवीनतम संशोधनों, मैच प्रबंधन, निर्णय लेने की प्रक्रिया तथा मैदान पर प्रभावी अंपायरिंग से जुड़े विभिन्न विषयों पर विशेषज्ञों द्वारा प्रशिक्षण दिया जाएगा। कार्यक्रम में कक्षा आधारित सत्र, व्यावहारिक अभ्यास, केस स्टडी तथा इंटरैक्टिव चर्चा भी आयोजित की जाएगी।
हिमाचल प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन राज्य में क्रिकेट अधिकारियों के निरंतर विकास एवं क्षमता संवर्धन के लिए प्रतिबद्ध है। ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रमों के माध्यम से अंपायरों एवं मैच रेफरियों को अपने ज्ञान को अद्यतन करने, अनुभव साझा करने तथा अपने प्रदर्शन को और बेहतर बनाने का अवसर प्राप्त होगा, जिससे प्रदेश में क्रिकेट प्रतियोगिताओं का संचालन उच्च स्तर पर सुनिश्चित किया जा सके।
इस रिफ्रेशर कोर्स में हिमाचल प्रदेश के विभिन्न जिलों से अंपायर एवं मैच रेफरी भाग ले रहे हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया