जहांगीरपुरी में युवक की चाकू मारकर हत्या, बचाने पहुंचे दो पुलिसकर्मियों पर भी हमला, चार आरोपित पकड़े
नई दिल्ली, 19 जुलाई (हि.स.)। उत्तर-पश्चिमी दिल्ली के जहांगीरपुरी इलाके में शनिवार रात 20 वर्षीय युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। वारदात के दौरान युवक को भीड़ से बचाने पहुंचे दो पुलिसकर्मियों पर भी आरोपितों ने हमला कर दिया, जिससे दोनों को मामूली च
जहांगीरपुरी में युवक की चाकू मारकर हत्या, बचाने पहुंचे दो पुलिसकर्मियों पर भी हमला, चार आरोपित पकड़े


नई दिल्ली, 19 जुलाई (हि.स.)। उत्तर-पश्चिमी दिल्ली के जहांगीरपुरी इलाके में शनिवार रात 20 वर्षीय युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। वारदात के दौरान युवक को भीड़ से बचाने पहुंचे दो पुलिसकर्मियों पर भी आरोपितों ने हमला कर दिया, जिससे दोनों को मामूली चोटें आईं। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चार आरोपितों को पकड़ लिया है। जिनमें तीन नाबालिग शामिल हैं। अन्य आरोपितों की तलाश जारी है।.

उत्तर पश्चिमी जिले की पुलिस उपायुक्त आकांक्षा यादव ने रविवार को बताया कि शनिवार रात करीब आठ बजे जहांगीरपुरी के बी-ब्लॉक में एक युवक के घायल अवस्था में पड़े होने की सूचना पीसीआर कॉल के जरिए मिली। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल को तुरंत बाबू जगजीवन राम (बीजेआरएम) अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान बी-685, जहांगीरपुरी निवासी इरफान (20) के रूप में हुई है।

जांच में सामने आया कि घटना के समय बीट पेट्रोलिंग पर तैनात दो पुलिसकर्मियों ने काली माता मंदिर के पास एक भीड़ को इरफान के साथ मारपीट करते देखा। दोनों पुलिसकर्मी बिना अपनी सुरक्षा की परवाह किए भीड़ के बीच पहुंचे और युवक को बचाकर सुरक्षित स्थान पर ले जाने का प्रयास किया। इसी दौरान हमलावरों ने उनका पीछा किया, दोनों पुलिसकर्मियों से मारपीट की और फिर इरफान पर चाकुओं से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल इरफान ने बाद में अस्पताल में दम तोड़ दिया। हमले में दोनों पुलिसकर्मियों को भी हल्की चोटें आईं। घटना की सूचना मिलते ही क्राइम टीम और फॉरेंसिक साइंस लैब (एफएसएल) की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने हत्या सहित संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान गठित कई टीमों ने कार्रवाई करते हुए चार आरोपिताें को हिरासत में ले लिया, जिनमें तीन तीन नाबालिग शामिल हैं। पुलिस अन्य फरार आरोपिताें की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि हत्या के पीछे की वजह और घटना में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की जांच की जा रही है। इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर मामले की पड़ताल जारी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / कुमार अश्वनी