केंद्र की ओर से लागू चार लेबर कोर्ट में से दो कोड मजदूरों के हित में : बीएमएस
रांची, 19 जुलाई (हि.स.)। भारतीय मजदूर संघ (बीएमएस) की अखिल भारतीय कार्य समिति बैठक 26-28 जुलाई 2026 तक नामकुम स्थित सरला बिरला विश्वविद्यालय में होगी। बैठक में देश के कोने-कोने से प्रतिनिधि भाग लेंगे। कार्यसमिति बैठक में संगठित और असंगठित क्षेत्र क
प्रेस वार्ता की तस्वीर


रांची, 19 जुलाई (हि.स.)। भारतीय मजदूर संघ (बीएमएस) की अखिल भारतीय कार्य समिति बैठक 26-28 जुलाई 2026 तक नामकुम स्थित सरला बिरला विश्वविद्यालय में होगी। बैठक में देश के कोने-कोने से प्रतिनिधि भाग लेंगे। कार्यसमिति बैठक में संगठित और असंगठित क्षेत्र के मजदूरों की समस्या और उसके समाधान पर गहन चर्चा होगी।

यह जानकारी भारतीय मजदूर संघ के क्षेत्रीय संगठन मंत्री धर्मदास शुक्ला ने रविवार को धुर्वा के सेक्टर -03 सीडी 241 स्थित संगठन के कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में दी।

उन्होंने कहा कि भारतीय मजदूर संघ वर्तमान में केंद्र सरकार की ओर से लागू किए गए चार लेबर कोर्ट में से दो लेबर कोड मजदूरी संहिता 2019 एवं सामाजिक सुरक्षा संहिता 2020 को मजदूरों के लिए सही बताया है। वहीं शेष दो कोड औद्योगिक संबद्ध संहिता 2020 एवं व्यवसायिक सुरक्षा स्वास्थ्य और कार्य स्थितियां संहिता 2020 पर अपनी असहमति जताई है। वर्तमान में लागू किए गए समाजिक सुरक्षा संहिता से मजदूरों को बड़े पैमाने पर राहत मिली।

वहीं प्रदेश महामंत्री राजीव रंजन सिंह ने कहा कि तीन दिनों के अखिल भारतीय कार्यसमिति बैठक में मजदूरों के विभिन्न विषयों पर चिंतन, मंथन और समसामयिक विषयों पर प्रस्ताव पारित किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि भारतीय मजदूर संघ मजदूरों को एक उत्पादन नहीं बल्कि मानव पूंजी समझता है। साथ ही शांतिपूर्ण तरीके से लगातार वार्ता के माध्यम से मजदूरों की समस्या पर समाधान करने पर विश्वास करती है।

कार्यसमिति बैठक की तैयारी समिति के प्रमुख चंदन कुमार प्रसाद ने कहा कि कार्यसमिति बैठक की तैयारी लगभग पूरी हो चुकी है। कार्य समिति बैठक को सफल बनाने के लिए प्रदेश के सभी कार्यकर्ता इस कार्य में लगे हुए हैं। प्रसाद ने कहा कि कार्यसमिति बैठक की प्रत्येक दिन की कार्यवाही की जानकारी दी जाएगी। मौके पर बीएमएस के मीडिया प्रभारी रमा शंकर प्रसाद सहित अन्य मौजूद थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Vinod Pathak