Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

चतरा, 19 जुलाई (हि.स.)। इटखोरी बाजार में ज्वेलरी व्यवसायी दिलीप सोनी की बाइक की डिक्की से करीब 60 लाख रुपये मूल्य के जेवरात चोरी मामले का चतरा पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने ओडिसा के जाखापुर थाना क्षेत्र के दशमनिया गांव निवासी दीपक प्रधान को गिरफ्तार किया है। वह कुख्यात गुलगुलिया गिरोह का सक्रिय सदस्य है। मामले की जानकारी एसपी अनिमेष नैथानी ने प्रेस वार्ता में दी।
पुलिस जांच में पता चला कि आरोपित ने घटना से पहले कई दिनों तक व्यवसायी की दुकान की रेकी की थी। वह ग्राहक बनकर दुकान पहुंचा और चोरी का सोना सस्ते दाम में बेचने का झांसा देकर व्यवसायी की गतिविधियों की जानकारी जुटाई। इसके बाद बाइक की डिक्की से जेवरात चोरी कर लिए।
एसपी ने बताया कि गिरोह का सरगना उड़ीसा का आकाश प्रधान है। गिरोह के सदस्यों को हैदराबाद में डिक्की खोलने, रेकी करने और वारदात के बाद फरार होने का विशेष प्रशिक्षण दिया जाता था। प्रारंभिक जांच में आरोपी के पत्थलगड़ा के नावाडीह और जोरी में भी ज्वेलरी कारोबारियों से छिनतई की घटनाओं में शामिल होने की बात सामने आई है। पुलिस गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में जुटी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / जितेन्द्र तिवारी