सावन से पहले पहाड़ी मंदिर पहुंचे उपायुक्त, श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को लेकर दिए आवश्यक निर्देश
रांची, 19 जुलाई (हि.स.)। रांची के उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री ने रविवार को आगामी सावन पर्व की तैयारियों का जायजा लेने के लिए पहाड़ी बाबा मंदिर परिसर का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने मंदिर परिसर और आसपास चल रहे विकास कार्यों की समीक्षा करते हुए संबंध
उपायुक्त की तस्वीर


उपायुक्त पूजा अर्चना करते हुए


रांची, 19 जुलाई (हि.स.)। रांची के उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री ने रविवार को आगामी सावन पर्व की तैयारियों का जायजा लेने के लिए पहाड़ी बाबा मंदिर परिसर का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने मंदिर परिसर और आसपास चल रहे विकास कार्यों की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों एवं मंदिर समिति के सदस्यों को समयबद्ध ढंग से सभी कार्य पूरे करने के निर्देश दिए।

उपायुक्त ने कहा कि सावन माह में लाखों श्रद्धालु पहाड़ी बाबा के दर्शन के लिए पहुंचते हैं। ऐसे में यह सुनिश्चित किया जाए कि उन्हें दर्शन, पूजा-अर्चना और अन्य सुविधाओं के दौरान किसी भी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। उन्होंने सीढ़ी मार्ग, शौचालय निर्माण, श्रद्धालुओं के बैठने की व्यवस्था, पेवर ब्लॉक बिछाने के कार्य, विद्युत आपूर्ति, पेयजल व्यवस्था तथा अन्य विकास कार्यों का निरीक्षण कर उनकी प्रगति की जानकारी ली।

उन्होंने कहा, पहाड़ी बाबा रांचीवासियों की आस्था के केंद्र हैं। सावन पर्व के दौरान यहां बड़ी संख्या में श्रद्धालु आते हैं। इसलिए सभी निर्माण कार्य समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरे किए जाएं। सुरक्षित एवं सुगम सीढ़ी मार्ग, पर्याप्त शौचालय, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था और विश्राम की सुविधाएं हमारी प्राथमिकता हैं।

उपायुक्त ने श्रद्धालुओं और दुकानदारों से भी विशेष अपील की। उन्होंने कहा कि सावन पर्व के दौरान मंदिर परिसर में शीशे की किसी भी प्रकार की पूजन सामग्री पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगी। श्रद्धालुओं से पूजा में शीशे या धातु की वस्तुओं का उपयोग नहीं करने तथा दुकानदारों से ऐसी सामग्री की बिक्री नहीं करने का आग्रह किया गया।

निरीक्षण के बाद उपायुक्त ने जिला प्रशासन की ओर से पहाड़ी बाबा मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना कर जिले की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की। उन्होंने प्रार्थना की कि पहाड़ी बाबा का आशीर्वाद सभी रांचीवासियों पर बना रहे।

निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने अधिकारियों को सावन पर्व से पहले सभी विकास कार्य पूरे करने, श्रद्धालुओं के लिए पर्याप्त शौचालय, पेयजल, प्रकाश और बैठने की व्यवस्था सुनिश्चित करने, सीढ़ी मार्ग एवं मुख्य रास्तों को सुरक्षित और सुगम बनाने, सुरक्षा, स्वच्छता एवं भीड़ प्रबंधन की प्रभावी योजना तैयार करने तथा कार्यों की नियमित समीक्षा कर कमियों को तत्काल दूर करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान पहाड़ी मंदिर समिति के सदस्यों ने जिला प्रशासन के अधिकारियों का अंगवस्त्र पहनाकर सम्मान किया।

इस अवसर पर अनुमंडल पदाधिकारी सदर कुमार रजत, पुलिस अधीक्षक (शहर) पारस राणा, पुलिस अधीक्षक (यातायात) राकेश सिंह, प्रशिक्षु आईएएस आस्था शरण, रांची नगर निगम के अपर प्रशासक संजय कुमार, अपर जिला दंडाधिकारी धनंजय, जिला नजारत अपर समाहर्ता डॉ. सुदेश कुमार, कार्यपालक अभियंता सहित अन्य अधिकारी एवं मंदिर समिति के सदस्य उपस्थित थे।-------------

हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे