जल जीवन मिशन के काम में लाभ का लालच देकर ठगे 28 लाख, पिता -पुत्र के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज
बांदा, 19 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद बांदा में जलजीवन मिशन का फर्जी टेंडर दिखाकर 28 लाख रुपये की ठगी करने का मामला सामने आया है। पीड़ित की तहरीर पर थाना पैलानी पुलिस ने आरोपित पिता-पुत्र के खिलाफ धोखाधड़ी समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज
जल जीवन मिशन के काम में लाभ का लालच देकर ठगे 28 लाख, पिता -पुत्र के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज


बांदा, 19 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद बांदा में जलजीवन मिशन का फर्जी टेंडर दिखाकर 28 लाख रुपये की ठगी करने का मामला सामने आया है। पीड़ित की तहरीर पर थाना पैलानी पुलिस ने आरोपित पिता-पुत्र के खिलाफ धोखाधड़ी समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पैलानी थाना क्षेत्र के ग्राम निवाइच निवासी सुयश सिंह ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि उसकी पहचान समीर सेन पुत्र सुनील सेन निवासी सिंह वाहिनी मंदिर के पीछे, कंधरदास तालाब, कोतवाली नगर, बांदा से थी। अच्छे संबंध होने के कारण समीर सेन और उसके पिता सुनील सेन ने उसे विश्वास में लिया और कहा कि उन्हें जल जीवन मिशन का टेंडर दिल्ली से मिला है, लेकिन काम शुरू करने के लिए धनराशि की आवश्यकता है। उन्होंने निवेश करने पर 20 प्रतिशत लाभ देने तथा मूल धन पूरी तरह सुरक्षित रहने का भरोसा दिलाया।

पीड़ित का आरोप है कि आरोपिताें ने जल जीवन मिशन से संबंधित फर्जी दस्तावेज और स्टांप पर तैयार हलफनामा दिखाकर विश्वास में लिया तथा किस्तों में कुल 28 लाख रुपये ले लिए। यह रकम कुछ ऑनलाइन माध्यम से और कुछ नकद दी गई।

सुयश सिंह के अनुसार, 12 जून 2026 को जब उसने अपनी रकम वापस मांगी तो दोनों आरोपिताें ने टालमटोल शुरू कर दी। बाद में पुलिस में शिकायत करने की बात कहने पर 6 जुलाई 2026 को एक इकरारनामा लिखकर रुपये लौटाने का आश्वासन दिया, लेकिन इसके बाद भी भुगतान नहीं किया गया।

तहरीर में आरोप लगाया गया है कि आरोपिताें ने रायबरेली, पन्ना और दमोह में जल जीवन मिशन के कार्य तथा कार्यालय दिखाकर भी उसे गुमराह किया। जब दोबारा रुपये मांगे गए तो पिता-पुत्र ने कथित तौर पर गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी और साफ कह दिया कि एक भी रुपया वापस नहीं देंगे। वहीं समीर सेन की मां पर भी फोन पर आत्महत्या कर झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी देने का आरोप लगाया गया है।

पीड़ित का कहना है कि इस बातचीत की रिकॉर्डिंग उसके पास सुरक्षित है।

पीड़ित ने बताया कि उसने रिश्तेदारों से उधार लेकर यह रकम दी थी, जिससे वह आर्थिक और मानसिक रूप से काफी परेशान है। उसने पुलिस से आरोपियों से 28 लाख रुपये वापस दिलाने और कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है। पैलानी पुलिस ने पीड़ित की तहरीर के आधार पर रविवार को आरोपी समीर सेन और उसके पिता सुनील सेन के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। क्षेत्राधिकारी सदर सौरभ सिंह ने इस मामले की पुष्टि की है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल सिंह