Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

नवादा, 19 जुलाई (हि.स.)। जिले में कौआकोल थाना क्षेत्र के दरावां गांव में रविवार को एक व्यक्ति का शव मूंग के खेत से बरामद होने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।
मृतक की पहचान दरावां गांव निवासी संजय महतो के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार,सूचना मिलने पर संजय महतो की पत्नी मंजू देवी को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ के दौरान मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने गिरफ्तार महिला की निशानदेही पर मूंग के खेत से शव बरामद किया।
इसके बाद मृतक की पत्नी को गिरफ्तार कर लिया गया है। स्थानीय लोगों के अनुसार, संजय महतो मूल रूप से सीमावर्ती आढ़ा गांव के रहने वाले थे और बाद में दरावां गांव में आकर बस गए थे। ग्रामीणों के बीच चर्चा है कि घटना शनिवार की है,जबकि पुलिस ने रविवार को शव बरामद किया।
शव के मुंह से झाग निकलने की बात भी सामने आई है। हालांकि,पुलिस ने अभी तक मौत के कारण की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। थानाध्यक्ष अनिल कुमार सिंह ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लैब) टीम को बुलाया गया है। टीम साक्ष्य एकत्र की,जिसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए नवादा सदर अस्पताल भेजा गया।
प्रथम दृष्टया विभिन्न आशंकाएं जताई जा रही हैं,जिनमें कथित प्रेम प्रसंग की चर्चा भी शामिल है। हालांकि पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जांच पूरी होने और पोस्टमार्टम व एफएसएल रिपोर्ट आने से पहले किसी भी कारण की पुष्टि करना उचित नहीं होगा। पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संजय कुमार सुमन