Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

कानपुर, 19 जुलाई (हि.स.)। समाज सेवा का वास्तविक उद्देश्य जरूरतमंद व्यक्ति को आत्मनिर्भर बनाना है। इसी सोच के साथ दिव्यांगजनों को निशुल्क कृत्रिम अंग और सहायक उपकरण उपलब्ध कराए जा रहे हैं, ताकि वे सम्मान के साथ सामान्य जीवन जी सकें। यह बातें रविवार को आयोजित कार्यक्रम में असिस्टेंट रीजनल ग्रैंड मास्टर अमिताभ कुमार गुप्ता ने कहीं।
मेसोनिक फ्रेटरनिटी की ओर से श्री भगवान महावीर विकलांग सहायता समिति, कोटा (राजस्थान) एवं अपर्णा हेल्थ केयर फाउंडेशन के सहयोग से मकरावटगंज स्थित भार्गव ट्रस्ट परिसर में 'प्रोजेक्ट डिग्निटी' के तहत दिव्यांगजनों के लिए निशुल्क कृत्रिम अंग एवं सहायक उपकरण वितरण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में कानपुर नगर के अलावा उन्नाव, फतेहपुर, कानपुर देहात और आसपास के जिलों से आए दिव्यांगजनों ने हिस्सा लिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ रीजनल ग्रैंड लॉज ऑफ नॉर्दर्न इंडिया के रीजनल ग्रैंड मास्टर पुनीत सोहल ने किया। इसके बाद विशेषज्ञों की टीम ने लाभार्थियों का परीक्षण कर उनकी आवश्यकता के अनुरूप कृत्रिम हाथ, कृत्रिम पैर, कैलिपर्स और अन्य उपकरण उपलब्ध कराए।
शिविर में 45 दिव्यांगजनों को कुल 56 सहायक उपकरण निशुल्क वितरित किए गए। इनमें कृत्रिम हाथ, कृत्रिम पैर, पोलियो प्रभावित लोगों के लिए विशेष कैलिपर्स तथा व्हीलचेयर शामिल रहीं। कृत्रिम अंग प्राप्त करने के बाद कई लाभार्थियों के चेहरे पर लंबे समय बाद आत्मविश्वास और खुशी साफ दिखाई दी। विशेषज्ञों ने उपकरणों के उपयोग, रखरखाव और नियमित फॉलोअप के संबंध में भी आवश्यक जानकारी दी।
अमिताभ कुमार गुप्ता ने बताया कि संस्था का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर दिव्यांगजनों तक आधुनिक कृत्रिम अंग और सहायक उपकरण पहुंचाना है, जिससे वे दूसरों पर निर्भर रहने के बजाय अपने दैनिक कार्य स्वयं कर सकें। उन्होंने कहा कि मेसोनिक फ्रेटरनिटी लंबे समय से शिक्षा, स्वास्थ्य और सामाजिक सरोकारों से जुड़े सेवा कार्यों में सक्रिय है तथा देश-विदेश में जुड़े सदस्य भी ऐसे अभियानों में सहयोग करते हैं।
उन्होंने बताया कि अपर्णा हेल्थ केयर फाउंडेशन के सहयोग से आयोजित इस शिविर में सभी उपकरण पूरी तरह निशुल्क उपलब्ध कराए गए। भविष्य में भी इसी प्रकार के शिविर आयोजित किए जाएंगे ताकि अधिक से अधिक जरूरतमंद दिव्यांगजन इसका लाभ उठा सकें। उन्होंने बताया कि निशुल्क कृत्रिम अंग या अन्य सहायक उपकरण प्राप्त करने के इच्छुक व्यक्ति 9935157477 पर संपर्क कर आवश्यक जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।
शिविर के आयोजन में असिस्टेंट रीजनल ग्रैंड मास्टर अमिताभ कुमार गुप्ता, संजय श्रीवास्तव और प्रशांत वर्मा की प्रमुख भूमिका रही। कार्यक्रम में विशाल खन्ना, तनुज पोरवाल सहित 70 से अधिक फ्रीमेसन सदस्य उपस्थित रहे और उन्होंने शिविर की व्यवस्थाओं में सहयोग किया। पूरे आयोजन के दौरान बड़ी संख्या में स्वयंसेवक भी लाभार्थियों की सहायता में जुटे रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप