Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

मुंबई, 19 जुलाई (हि.स.)। महाराष्ट्र के नांदेड़ जिले में तीन दिन पहले एक शिक्षक की दो बच्चों सहित आत्महत्या में नया मोड़ आ गया है। अब तक की जांच में पता चला है कि शिक्षक ने पहले अपने दो बच्चों सारा और सुमेध की धारदार हथियार से हत्या की थी। इसके बाद दोनों शव कार में रखकर कार गोदावरी नदी में गिरा दिया था। इस मामले की छानबीन नांदेड़ पुलिस स्टेशन की टीम कर रही है।
इस घटना की जांच कर रहे पुलिस अधिकारी ने रविवार को बताया कि 16 जुलाई को हिमायत नगर के पोटा में जिला परिषद स्कूल में कार्यरत 42 साल के शिक्षक सुनील मोरे ने अपने दो बच्चों के साथ नदी में कार गिराकर आत्महत्या कर लिया। सुनील मोरे ने इस घटना से पहले अपने वरिष्ठों के विरुद्ध उत्पीडन का आरोप लगाते हुए सोशल मीडिया पर पोस्ट डाला था। इससे इस घटना को लेकर रोष फैल गया था और पुलिस ने भी सुनील मोरे की पोस्ट को ध्यान में रखते हुए चार लोगों के विरुद्ध मामला दर्ज किया। इनमें ग्रुप एजुकेशन ऑफिसर किशन फोले, एक्सटेंशन ऑफिसर सूर्यकांत बच्चे, सेंटर हेड शिवाजी कदम और साथी टीचर दत्ता पावले शामिल है।
इस घटना में पुलिस ने कार सहित तीनों शव बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था। पुलिस को आज मिली पोस्टमार्टम रिपोर्ट के अनुसार सुनील मोरे के दोनों बच्चों की हत्या किए जाने की बात सामने आई है जबकि सुनील मोरे की मौत दम घुटने से होने की जानकारी पोस्टमार्टम की रिपोर्ट से मिली है। पोस्टमार्टम की रिपोर्ट मिलने के बाद नांदेड़ पुलिस ने इस मामले की जांच अलग तरीके से शुरु की है। पुलिस दोनों बच्चों की हत्या सुनील मोरे ने क्यों की, इसलिए इस मामले में मोरे के रिश्तेदारों से भी पूछताछ कर रही है। साथ ही जिला परिषद स्कूल में सुनील मोरे के साथ होने वाले उत्पीडन मामले की भी छानबीन की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव