Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

शिमला, 19 जुलाई (हि.स.)। शिमला पुलिस ने एनडीपीएस अधिनियम के एक मामले में फरार चल रही महिला आरोपी को चंडीगढ़ से गिरफ्तार किया है। आरोपी को अदालत में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
पुलिस के अनुसार अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश-1, शिमला की ओर से जारी गैर-जमानती वारंट के आधार पर पुलिस थाना सदर की टीम ने आरोपी की तलाश शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस ने चंडीगढ़ के मनीमाजरा क्षेत्र में दबिश देकर महिला को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार महिला की पहचान अवनी उर्फ अंजली के रूप में हुई है। वह किन्नौर जिले के सांगला क्षेत्र की रहने वाली है और एनडीपीएस अधिनियम के एक मामले में फरार चल रही थी।
पुलिस ने आरोपी को शिमला लाकर अदालत में पेश किया। अदालत ने उसे न्यायिक हिरासत में भेजने के आदेश दिए, जिसके बाद उसे सब जेल कैथू भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार यह मामला वर्ष 2024 में दर्ज किया गया था। उस समय पुराने बस स्टैंड के पास स्थित एक होटल से 43 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) बरामद की गई थी। इसी मामले में महिला आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की गई है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा