Enter your Email Address to subscribe to our newsletters


पश्चिम बर्दवान, 19 जुलाई (हि. स.)। पश्चिम बंगाल सीआईडी ने उत्तर 24 परगना के अशोकनगर थाना क्षेत्र में एक बड़ी कार्रवाई करते हुए एक संदिग्ध महिला को गिरफ्तार किया है। उसके कब्जे से छह अवैध आग्नेयास्त्र, लगभग 200 राउंड कारतूस, नकद रुपये और बिहार के जमालपुर रेलवे स्टेशन का ट्रेन टिकट बरामद किया गया है। इस कार्रवाई के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। महिला के पास मिले आधार कार्ड से उसकी पहचान पूजा विश्वास, निवासी हाबरा के रूप में हुई है। जांच में उसके पास से बिहार के जमालपुर रेलवे स्टेशन का ट्रेन टिकट भी बरामद हुआ है।
प्रारंभिक जांच के अनुसार, सीआईडी को गुप्त सूचना मिली थी कि एक महिला अवैध हथियारों की खेप लेकर पश्चिम बंगाल पहुंचने वाली है। सूचना के आधार पर सीआईडी की टीम ने महिला पर नजर रखी और उसका पीछा करते हुए नैहाटी रोड के रास्ते अशोकनगर के 8 नंबर इलाके तक पहुंची, जहां उसे हिरासत में ले लिया गया। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर दी और किसी को भी घटनास्थल के पास जाने की अनुमति नहीं दी।
शुरुआती पूछताछ और जांच से पता चला है कि वह ट्रेन के जरिए बिहार से पश्चिम बंगाल में दाखिल हुई थी और नैहाटी के रास्ते हाबरा में हथियारों की डिलीवरी देने जा रही थी। हालांकि इससे पहले ही सीआईडी ने गुप्त सूचना के आधार पर उसे दबोच लिया।
सीआईडी अब यह पता लगाने में जुटी है कि बरामद हथियार किसके लिए मंगाए गए थे, इनके पीछे कौन-सा गिरोह सक्रिय है और इस नेटवर्क में कितने लोग शामिल हैं। बरामद हथियारों और कारतूस की फॉरेंसिक जांच कराई जाएगी, जबकि महिला से लगातार पूछताछ की जा रही है ताकि पूरे तस्करी नेटवर्क का खुलासा किया जा सके।
फिलहाल सीआईडी ने मामले की जांच तेज कर दी है। अधिकारियों का मानना है कि पूछताछ के दौरान हथियार तस्करी से जुड़े कई अहम खुलासे हो सकते हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा