20 लाख से अधिक के रत्न चोरी का खुलासा, ई-रिक्शा चालक समेत दो गिरफ्तार, 90 फीसदी कीमती पत्थर बरामद
नई दिल्ली, 19 जुलाई (हि.स.)। मध्य दिल्ली के डीबीजी रोड थाना पुलिस ने करीब 20 से 22 लाख रुपये के कीमती रत्न चोरी के मामले का खुलासा करते हुए ई-रिक्शा चालक समेत दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने चोरी गए रत्नों का करीब 90 प्रतिशत हिस्सा बरामद
पुलिस का लाेगाे


नई दिल्ली, 19 जुलाई (हि.स.)। मध्य दिल्ली के डीबीजी रोड थाना पुलिस ने करीब 20 से 22 लाख रुपये के कीमती रत्न चोरी के मामले का खुलासा करते हुए ई-रिक्शा चालक समेत दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने चोरी गए रत्नों का करीब 90 प्रतिशत हिस्सा बरामद कर लिया है। वारदात में इस्तेमाल किया गया ई-रिक्शा भी जब्त कर लिया गया है। पुलिस अब बाकी बचे रत्नों की बरामदगी और आरोपियों की अन्य मामलों में संलिप्तता की जांच कर रही है।

मध्य जिले के पुलिस उपायुक्त रोहित राजबीर सिंह ने रविवार को बताया कि 15 जुलाई को जयपुर निवासी एक रत्न कारोबारी ने डीबीजी रोड थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। कारोबारी ने बताया कि वह करोल बाग से दरियागंज जाने के लिए ई-रिक्शा में सवार हुआ था। रानी झांसी रोड स्थित पेट्रोल पंप के सामने किसी ने उसका हैंडबैग चोरी कर लिया। बैग में नौ पाउच में रखे करीब 20 से 22 लाख रुपये मूल्य के कीमती रत्न थे।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस ने करोल बाग से लेकर घटनास्थल तक के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। इसके साथ ही तकनीकी निगरानी, स्थानीय स्तर पर पूछताछ और मुखबिरों से मिली सूचनाओं के आधार पर संदिग्धों की पहचान की गई। जांच के बाद 17 जुलाई को धौला कुआं बस स्टॉप के पास से विक्की सोलंकी (19) और उसकी साथी अनीता उर्फ अन्नू (26) को गिरफ्तार कर लिया गया। दोनों रघुबीर नगर के रहने वाले हैं। पुलिस के अनुसार, वारदात में ई-रिक्शा चालक और उसकी साथी ने मिलकर कारोबारी का बैग चोरी किया था और बाद में उसमें रखे रत्न छिपा दिए थे।

पूछताछ में दोनों आरोपितों ने चोरी की वारदात में अपनी भूमिका स्वीकार कर ली। उनकी निशानदेही पर पुलिस ने चोरी गए रत्नों का बड़ा हिस्सा बरामद किया।

बरामदगी में 760 कैरेट गुलाबी रंग के पत्थर, 580 कैरेट चेरी रंग के पत्थर, 68 कैरेट बड़े चेरी रंग के पत्थर, 189 कैरेट चेरी रंग के चौकोर पत्थर, 32 कैरेट नीले रंग के छोटे पत्थर, 45 हल्के गुलाबी रंग के पत्थर और एक बड़ा हरे रंग का कीमती पत्थर शामिल हैं।

पुलिस का कहना है कि कुल चोरी गए रत्नों में से लगभग 90 प्रतिशत बरामद कर लिए गए हैं। दोनों आरोपितों को पुलिस रिमांड पर लेकर पूछताछ की जा रही है। जांच एजेंसियां यह भी पता लगा रही हैं कि क्या दोनों ने इसी तरह की अन्य वारदातों को भी अंजाम दिया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / कुमार अश्वनी