Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

कोलकाता, 20 जुलाई (हि. स.)। दक्षिण 24 परगना के अमतला स्थित अभिषेक बनर्जी के कार्यालय पर प्रशासन ने रविवार को एक बार फिर ध्वस्तीकरण अभियान शुरू कर दिया। पांच मंजिला इमारत को गिराने के लिए बुलडोजर और अन्य भारी मशीनों को मौके पर लगाया गया है। स्थिति को नियंत्रित रखने के लिए बड़ी संख्या में पुलिस बल और दमकल कर्मियों की भी तैनाती की गई है।
अभिषेक बनर्जी के इस कार्यालय को अवैध निर्माण बताते हुए प्रशासन ने शनिवार को भवन के एक हिस्से को ध्वस्त किया था। इसके बाद पूरी रात भवन के भीतर मौजूद सामान को हटाने का काम चलता रहा। रविवार दोपहर प्रशासनिक टीम दोबारा मौके पर पहुंची और शेष हिस्से को गिराने की कार्रवाई शुरू कर दी।
ध्वस्तीकरण को लेकर अभिषेक बनर्जी की संस्था लिप्स एंड बाउंड्स ने कलकत्ता उच्च न्यायालय का दरवाजा खटखटाया है। मामले की आपात सुनवाई चल रही है, लेकिन इसी दौरान प्रशासन ने भवन को गिराने की कार्रवाई जारी रखी।
प्रशासन ने रविवार को बुलडोजर के अलावा एयर कंप्रेसर, वाइब्रेटर और अन्य आधुनिक मशीनों का भी इस्तेमाल किया। प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार, पूरे पांच मंजिला भवन को ध्वस्त किए जाने की योजना है। भवन के अवैध निर्माण को लेकर प्रशासन की कार्रवाई और इसके खिलाफ अदालत में चल रही कानूनी लड़ाई अब राजनीतिक रूप से भी चर्चा का विषय बना गया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय