Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

मुरादाबाद, 19 जुलाई (हि.स.)। भारतीय बैडमिंटन खिलाड़ी अर्जुन अवॉर्ड से सम्मानित अभिन्न श्याम गुप्ता को रविवार को नेताजी सुभाष चंद्र बोस सोनकपुर स्पोर्ट्स स्टेडियम में क्रीड़ाधिकारी सुनील कुमार सिंह और उत्तर प्रदेश ओलंपिक संघ के संयुक्त सचिव डॉ. अजय विक्रम पाठक ने बुके व स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया।
प्रयागराज निवासी अभिन्न श्याम गुप्ता अगवानपुर स्थित ब्रास सिटी जिमखाना में चल रही योनेक्स सनराइज प्रथम यूपी स्टेट सब जूनियर मेजर बैडमिंटन टूर्नामेंट के फाइनल मैच में शामिल होने आए हैं, जहां उनका बेटा शिवेश गुप्ता भी प्रतियोगिता में प्रतिभाग कर रहा है। उनके आगमन से खिलाड़ियों में खासा उत्साह है।
क्रीड़ाधिकारी सुनील कुमार सिंह ने अभिन्न श्याम गुप्ता के खेल जीवन और उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए उन्हें प्रदेश के खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा स्रोत बताया।
वहीं डॉ. अजय विक्रम पाठक ने अर्जुन अवॉर्डी खिलाड़ी के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि उनके अनुभव से युवा खिलाड़ियों को सीखने का अवसर मिलेगा।
इस अवसर पर प्रधान सहायक कृपाल सिंह, बैडमिंटन कोच आसिफ सिद्दीकी आदि मौजूद रहे।
------------
हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल