Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

अयोध्या, 19 जुलाई (हि.स.)। आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों को धार देने के उद्देश्य से भारतीय जनता पार्टी ने बूथ स्तर पर संगठन को और मजबूत करने की कवायद तेज कर दी है। इसी क्रम में 22 जुलाई को अवध विश्वविद्यालय के विवेकानंद प्रेक्षागृह में आयोजित होने वाले बूथ अध्यक्ष सम्मेलन की तैयारियों को लेकर महानगर के सभी 85 शक्ति केंद्रों पर बैठकें आयोजित की गईं। इससे पूर्व शनिवार को देर शाम तक महानगर के चारों मंडलों में भी संगठनात्मक बैठकें संपन्न हो चुकी हैं।
विद्याकुंड शक्ति केंद्र पर आयोजित बैठक में भाजपा महानगर अध्यक्ष कमलेश श्रीवास्तव, पूर्व महापौर ऋषिकेश उपाध्याय एवं महानगर महामंत्री शैलेंद्र कोरी ने शक्ति केंद्र पदाधिकारियों के साथ सम्मेलन की तैयारियों की समीक्षा की। बैठक में बूथ अध्यक्षों की सहभागिता, संगठनात्मक दायित्वों तथा सम्मेलन की व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
महानगर अध्यक्ष कमलेश श्रीवास्तव ने कहा कि भाजपा की सबसे बड़ी ताकत उसका बूथ स्तर तक सक्रिय और अनुशासित संगठन है। आगामी चुनाव में प्रत्येक बूथ अध्यक्ष की भूमिका निर्णायक होगी। उन्होंने कहा कि पार्टी का लक्ष्य प्रत्येक बूथ को और अधिक सशक्त बनाते हुए सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं तथा संगठन के संदेश को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। पूर्व महापौर ऋषिकेश उपाध्याय ने कहा कि बूथ अध्यक्ष सम्मेलन केवल एक संगठनात्मक कार्यक्रम नहीं, बल्कि आगामी चुनाव की रणनीति को गति देने का महत्वपूर्ण मंच है। सम्मेलन के माध्यम से कार्यकर्ताओं में नया उत्साह और ऊर्जा का संचार होगा।
महामंत्री परमानंद मिश्र, उपाध्यक्ष तिलकराम मौर्य, हरिभजन गौड़, अरविंद सिंह, बालकृष्ण वैश्य, रवि शर्मा, शशि प्रताप सिंह, शिवम शुक्ला, मुकेश तिवारी, रवि सोनकर, कपिल देव वर्मा, हेमंत जायसवाल, रीना द्विवेदी, स्वाती सिंह सहित अन्य पदाधिकारियों ने विभिन्न शक्ति केन्द्रों पर बैठक कर सम्मेलन की रणनीति को अंतिम रूप दिया।
हिन्दुस्थान समाचार / पवन पाण्डेय