बरेली में 1.30 करोड़ का प्रीकर्सर कैमिकल बरामद, चार तस्कर गिरफ्तार
बरेली, 19 जुलाई (हि.स.) । एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) बरेली यूनिट ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए चार सक्रिय तस्करों को गिरफ्तार किया है। आरोपितों के कब्जे से 498.35 किलोग्राम एसिटिक एनहाइड्राइड प्रीकर्सर कैमिकल बराम
शाही थाने में बरामद 498.35 किलोग्राम एसिटिक एनहाइड्राइड प्रीकर्सर कैमिकल के साथ गिरफ्तार चार तस्कर तथा कार्रवाई करने वाली एएनटीएफ बरेली और थाना शाही पुलिस की टीम।


बरेली, 19 जुलाई (हि.स.) । एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) बरेली यूनिट ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए चार सक्रिय तस्करों को गिरफ्तार किया है। आरोपितों के कब्जे से 498.35 किलोग्राम एसिटिक एनहाइड्राइड प्रीकर्सर कैमिकल बरामद हुआ है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 1.30 करोड़ रुपये आंकी गई है। टीम ने दो वाहन, पांच मोबाइल फोन और 1,080 रुपये नकद भी बरामद किए हैं।

जिले में चलाए जा रहे अभियान के तहत 18 जुलाई को थाना शाही क्षेत्र के ग्राम जुनहाई बिजलीघर के सामने कार्रवाई की गई। गिरफ्तार आरोपितों में अमरोहा के चक मुस्तफापुर निवासी जोगेश उर्फ पिंकू, बदायूं के नदाईल निवासी वासिद, अमरोहा के हटऊआ निवासी तेजपाल सिंह और जोया निवासी अरुण कुमार शामिल हैं। बरामदगी के आधार पर थाना शाही में एनडीपीएस एक्ट की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।

पूछताछ में मुख्य आरोपित जोगेश ने बताया कि चारों लोग हरियाणा के मेवात से एसिटिक एनहाइड्राइड लेकर आए थे। जोगेश और वासिद कार से, जबकि अरुण और तेजपाल पिकअप वाहन से गए थे। मेवात के एक व्यक्ति से कैमिकल लेकर उसे पिकअप में लोड किया गया था। इसे बदायूं के एक व्यक्ति को सौंपना था, जहां से पश्चिम बंगाल की एक पार्टी तक इसकी सप्लाई होनी थी। तस्करी से होने वाले मुनाफे को चारों आपस में बांट लेते थे।

एएनटीएफ बरेली यूनिट के प्रभारी उपनिरीक्षक विकास यादव ने बताया कि बरामद एसिटिक एनहाइड्राइड प्रीकर्सर कैमिकल का उपयोग हेरोइन जैसे मादक पदार्थों के निर्माण में किया जाता है। यह कार्रवाई नशा तस्करी की सप्लाई चेन पर बड़ी चोट है। गिरफ्तार आरोपितों से पूछताछ के आधार पर पूरे नेटवर्क की कड़ियां खंगाली जा रही हैं। इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य तस्करों और सप्लायरों की तलाश में टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।

-------------

हिन्दुस्थान समाचार / देश दीपक गंगवार